जमीन का दाखिल-खारिज करा रहे हैं? पहले पढ़ लीजिए ये खबर, आवेदन रिजेक्ट करने की मिलती है धमकी

Updated:
विज्ञापन

जमीन का दाखिल-खारिज कराते लोग (फोटो- AI)

पूर्वी चंपारण के बंजरिया अंचल में जमीन दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने वालों को निशाना बनाया जा रहा है. साइबर ठग खुद को राजस्व कर्मचारी बताकर ऑनलाइन पैसे मांग रहे हैं. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी निजी खाते में पैसे न भेजने की अपील की है.

विज्ञापन

Bihar Land Mutation: पूर्वी चंपारण के बंजरिया अंचल में जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने वाले लोगों को निशाना बनाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. जालसाज खुद को राजस्व कर्मचारी बताकर फोन कर रहे हैं और आवेदन मंजूर कराने के नाम पर ऑनलाइन पैसे मांग रहे हैं. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी कर्मचारी के निजी खाते या स्कैनर पर पैसे न भेजें.

आपके शहर में

विज्ञापन

राजस्व कर्मचारी बनकर कर रहे फोन

जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी बंजरिया अंचल के राजस्व कर्मचारी बनकर आवेदकों को कॉल कर रहे हैं. वे दावा करते हैं कि दाखिल-खारिज का काम उनके पास लंबित है और यदि तुरंत पैसे नहीं भेजे गए तो आवेदन रद्द कर दिया जाएगा.

आवेदन रिजेक्ट करने की देते हैं धमकी

ठग लोगों को डराते हैं कि पैसे नहीं देने पर उनका म्यूटेशन आवेदन खारिज कर दिया जाएगा और फिर उन्हें डीसीएलआर कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे. इस धमकी के कारण कई लोग घबरा जाते हैं. हालांकि अब तक कई लोग सतर्कता के कारण ठगी का शिकार होने से बच गए हैं.

पूर्व कर्मचारी के नाम का हो रहा दुरुपयोग

मामले की सबसे गंभीर बात यह है कि साइबर ठग पूर्व राजस्व कर्मचारी मुन्नीलाल कुमार के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं. जबकि मुन्नीलाल कुमार का हाल ही में बंजरिया अंचल से छौड़ादानो अंचल में तबादला हो चुका है. इसके बावजूद उनके नाम का सहारा लेकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है.

विभाग ने जारी की चेतावनी

राजस्व कर्मचारी मुन्नीलाल कुमार ने साफ कहा है कि वे अब बंजरिया अंचल में कार्यरत नहीं हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्कैनर या निजी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें.

उन्होंने बताया कि दाखिल-खारिज से संबंधित सभी भुगतान केवल सरकारी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जाते हैं. किसी भी कर्मचारी के निजी खाते या क्यूआर कोड पर भुगतान करने का कोई प्रावधान नहीं है.

संदिग्ध कॉल आने पर क्या करें?

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति राजस्व कर्मचारी बनकर पैसे मांगे तो घबराएं नहीं. ऐसी कॉल की जानकारी तुरंत अंचल कार्यालय को दें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढे़ं: पूर्वी चंपारण की हर पंचायत में खुलेगा सुधा बिक्री केंद्र, ये लोग कर सकते हैं अप्लाई


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन