मोतिहारी: जमीन से रोजगार तक की मांग, छौड़ादानो में ग्रामीण मजदूरों का दो दिवसीय अनशन शुरू
अंचल कार्यालय के सामने खेग्रामस का अनशन
मोतिहारी में ग्रामीण मजदूरों ने जमीन, आवास, मनरेगा में काम और उचित मजदूरी के लिए दो दिवसीय सामूहिक अनशन सत्याग्रह शुरू किया है. भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन और गरीबों को वासगीत पर्चा देने की प्रमुख मांगें उठाई गईं. प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की भी अपील की गई.
Motihari News: मोतिहारी. अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के आह्वान पर गुरुवार को छौड़ादानो अंचल कार्यालय के सामने दो दिवसीय सामूहिक अनशन सत्याग्रह शुरू किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के पूर्वी चंपारण जिला सचिव उपेंद्र सहनी ने की. सत्याग्रह के दौरान भूमिहीनों को जमीन, गरीबों को वासगीत पर्चा, मनरेगा में काम और उचित मजदूरी समेत कई मांगें उठाई गईं.
Chhauradano News: भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन की मांग
अनशन के दौरान मांग की गई कि जहां गरीब परिवार वर्षों से बसे हुए हैं, उन्हें पीपी एक्ट के तहत वासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग भी उठाई गई.
वक्ताओं ने कहा कि गरीब परिवारों को उजाड़ने के बजाय उन्हें जमीन और आवास का अधिकार दिया जाना चाहिए.
मनरेगा में काम और उचित मजदूरी की मांग
मजदूर सभा ने मनरेगा में नियमित काम और उचित मजदूरी उपलब्ध कराने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण मजदूरों को समय पर रोजगार नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है.
इसके अलावा मजदूर-किसानों से टैक्स वसूली पर रोक लगाने की मांग भी की गई.
प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा का मुद्दा उठा
सत्याग्रह के दौरान प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की गई. वक्ताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं और उन्हें कई तरह की असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने सरकार से प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल करने की मांग की.
सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान
भाकपा-माले के चंपारण जोन के नेताओं ने सरकार पर गरीबों की बस्तियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. वक्ताओं ने कहा कि किसान, मजदूर और ग्रामीण गरीबों की समस्याओं को लेकर गांवों में आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ छात्र-युवाओं और नई पीढ़ी में भी आक्रोश बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में ग्रामीण गरीबों को संगठित कर आंदोलन को और मजबूत किया जाएगा.
ये लोग रहे अनशन में शामिल
सामूहिक अनशन में उपेंद्र सहनी, अतिउल्लाह मियां, मुनीराम, रामएकबाल यादव, अकबर मियां, शेख अशहाब, रूपलाल शर्मा, विनोद पंडित और रघुबीर राम शामिल रहे.
मौके पर राजकुमार शर्मा, मनोज कुमार सिंह, मुनीराम, रूपलाल शर्मा और भाकपा-माले के जिला सचिव संजय कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस पर अचानक बरसे पत्थर, महिला पुलिसकर्मी समेत पांच घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









