बाबूबरही में किराना दुकान को लेकर विवाद, मारपीट में घायल दुकानदार की मौत
सांकेतिक तस्वीर
मधुबनी के बाबूबरही में किराना दुकान की रंजिश खूनी हो गई. आपसी विवाद में हुई मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल दुकानदार दिवेश कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
Babubarhi News: तिरहुता पंचायत के बलानसेर गांव में किराना दुकान की आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल दिवेश कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गयी. सोमवार को सदर अस्पताल मधुबनी में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया. घटना के बाद दिवेश की पत्नी के बयान पर बाबूबरही थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है, जिसमें सात लोगों को नामजद किया गया है.
कहासुनी के बाद लाठी-डंडे और तेज हथियार से हमले का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को दिवेश कुमार सिंह की पड़ोसी वेद प्रकाश रावत से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी.
आरोप है कि इस दौरान दिवेश कुमार सिंह के साथ उनके भाई राजा कुमार और मां धर्मशिला देवी पर भी लाठी-डंडे और तेज हथियार से हमला किया गया. साथ ही दिवेश की किराना दुकान में लूटपाट किये जाने का भी आरोप लगाया गया है.
गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद तीनों घायलों को बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दिवेश कुमार सिंह, उनके भाई और मां को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया.
बताया गया कि इलाज के दौरान दिवेश को दरभंगा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गयी.
किराना दुकान को लेकर पुरानी दुश्मनी का दावा
ग्रामीणों के अनुसार, दिवेश कुमार सिंह और वेद प्रकाश रावत दोनों की गांव में किराना दुकान है. दुकान को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद और दुश्मनी चलने की बात सामने आयी है.
इसी विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
प्राथमिकी में सात लोग नामजद
दिवेश कुमार सिंह की पत्नी के बयान पर रविवार को बाबूबरही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी में वेद प्रकाश राउत, दिलीप राउत, शकुंतला देवी, भोलू कुमार, रमेश कुमार, पुनीता देवी और शंफा देवी को नामजद किया गया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें
बाल हृदय योजना के तहत मधुबनी के चार बच्चों को मुफ्त इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









