तीन महीने से चोरी से परेशान थे ग्रामीण, रविवार रात दो युवकों को पकड़कर पीटा, हालत नाजुक
घोघरडीहा के वार्ड 10 में चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ा और उनकी जमकर पिटाई कर दी। दोनों युवक बेहोशी की हालत में पहुंच गए और फिलहाल डीएमसीएच दरभंगा में उनका इलाज चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस होश में आने के बाद पूछताछ करेगी।
Ghoghardiha News: नगर पंचायत घोघरडीहा के वार्ड 10 में रविवार देर रात चोरी की आशंका में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया. इनमें एक बालिग और दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है. दोनों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों की भीड़ ने कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी. पुलिस के पहुंचने तक दोनों बेहोशी की हालत में पहुंच चुके थे. फिलहाल दोनों का इलाज डीएमसीएच, दरभंगा में चल रहा है और उनकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है.
चोरी के शक में पकड़े गये दोनों युवक, ग्रामीणों ने की पिटाई
बताया गया कि वार्ड 10 में देर रात ग्रामीणों ने चोरी के प्रयास की आशंका में दो युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गये. आरोप है कि भीड़ ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी.
सूचना मिलने पर घोघरडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से छुड़ाकर थाना ले आयी. थानाध्यक्ष शुभम कुमार के निर्देश पर दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघरडीहा भेजा गया.
PHC से फुलपरास और फिर DMCH रेफर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद दोनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास रेफर किया गया. वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया.
दोनों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.
होश में आने के बाद होगी पहचान और पूछताछ
धराये दोनों युवकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि दोनों फिलहाल होश में नहीं हैं और पूछताछ की स्थिति में भी नहीं हैं.
उन्होंने बताया कि दोनों के होश में आने के बाद उनकी पहचान स्पष्ट की जायेगी. इसके बाद उनसे पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभारी डीएसपी सुबोध कुमार सिंह ने भी घोघरडीहा वार्ड 10 का दौरा किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली.
तीन महीने से चोरी की घटनाओं से परेशान थे ग्रामीण
बताया जाता है कि पिछले करीब तीन महीने से घोघरडीहा क्षेत्र में कई घरों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था.
पिछले दिनों दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने चोरी की घटनाओं की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था. एसआईटी मामले की जांच कर ही रही थी कि रविवार देर रात दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गये.
चोरी में शामिल थे या नहीं, पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पकड़े गये दोनों युवक वास्तव में चोरी के प्रयास में शामिल थे या नहीं. ग्रामीणों की ओर से लगाये गये आरोपों की भी जांच की जा रही है.
दोनों युवकों के होश में आने और पुलिस पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें
बेनीपट्टी में रौशन कुमार यादव के परिजनों से मिले प्रशांत किशोर, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









