खजौली में पंचायत समिति की बैठक, एमडीएम चावल में गड़बड़ी के आरोप पर सभी विद्यालयों की होगी जांच

Updated:
विज्ञापन
photo- 01,khajauli. | Prabhat Khabar Network

बैठक में प्रखंड प्रमुख, कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ, सीओ व अन्य

खजौली प्रखंड कार्यालय में प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित हुई. बैठक में एमडीएम चावल की आपूर्ति में गड़बड़ी, जमीन संबंधी समस्याएं, स्वास्थ्य और विकास कार्यों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया.

विज्ञापन

Madhubani News: खजौली प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई. कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन कुमार ने नए पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के परिचय के साथ बैठक की कार्यवाही शुरू की. बैठक में बिजली, मनरेगा, बाल विकास, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जीविका, पीएचईडी और इंडियन गैस समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर पंचायत समिति सदस्यों ने अपनी बात रखी.

Khajauli News: पिछली बैठक की कार्यवाही की हुई पुष्टि

बैठक की शुरुआत में पंचायत समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की. इसके बाद प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा शुरू हुई. प्रखंड प्रमुख कुमारी उषा ने सदन में मौजूद विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से संबंधित मुद्दों पर जवाब मांगा.

एमडीएम चावल की आपूर्ति में गड़बड़ी का आरोप

प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह चंद्रडीह पंचायत के मुखिया जय प्रकाश मंडल ने 14 पंचायतों के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के चावल की आपूर्ति में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और एमडीएम संवेदक की मिलीभगत से आधे से अधिक चावल विद्यालयों तक नहीं पहुंचाकर अन्यत्र भेज दिया जाता है.

मामले पर बीडीओ चंदन कुमार ने सदन को भरोसा दिलाया कि एमडीएम चावल की आपूर्ति में गड़बड़ी की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी. टीम सभी संबंधित विद्यालयों की जांच कर मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाएगी.

राजस्व और जमीन से जुड़ी समस्याओं पर मांगा जवाब

कन्हौली पंचायत के मुखिया अर्जुन सिंह ने राजस्व विभाग से जुड़े कई मुद्दे सदन में उठाए. उन्होंने विवाह भवन के लिए सरकारी जमीन के स्थल चयन, आईएसआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने और अन्य जमीन संबंधी समस्याओं को लेकर अंचलाधिकारी से जवाब मांगा.

अंचलाधिकारी सिमरन आजाद ने सदन को बताया कि जमीन से संबंधित समस्या वाले लोग कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. उन्होंने नियमानुसार समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.

स्वास्थ्य और चापाकल का मुद्दा भी उठा

श्रीनाथ नाग मणि ने पंचायत में बंद पड़े चापाकलों का मुद्दा उठाया. वहीं मुखिया अर्जुन सिंह और जय प्रकाश मंडल ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सदन के सामने रखा.

सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ज्योतिंद्र नारायण ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सदन को दी. प्रखंड कृषि पदाधिकारी यास्मीन बानो ने कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं और एजेंसियों की जानकारी पंचायत समिति सदस्यों के समक्ष रखी.

पंचायत स्तर के विकास कार्यों पर भी चर्चा

प्रखंड उप प्रमुख गुलशन आरा ने रसीदपुर पंचायत में विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाए. बीडीओ चंदन कुमार ने पंचायत समिति सदस्यों को पंचायत स्तर पर विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों से संबंधित जानकारी दी और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

यह भी पढ़ें: फुलपरास में बिना लाइसेंस उर्वरक का भंडारण, छापेमारी के बाद प्राथमिकी दर्ज


विज्ञापन
Amod Prasad Sri

लेखक के बारे में

By Amod Prasad Sri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन