पीड़ित परिवार से मिलने गए मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

Updated:
विज्ञापन
Bihar minister Arun Shankar Prasad after an alleged attack during a visit to a bereaved family in Madhubani.

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते मंत्री अरुण शंकर प्रसाद.

मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के पीड़ित परिवार से मिलने गए बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर कथित जानलेवा हमला किया गया. घटना में मंत्री बाल-बाल बच गए, जबकि उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी से रमण कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Madhubani Breaking News: खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में सड़क दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के श्रम संसाधन, परिवार कल्याण एवं कौशल विकास मंत्री एवं खजौली विधायक अरुण शंकर प्रसाद पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में मंत्री बाल-बाल बच गए, जबकि उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे थे मंत्री

जानकारी के अनुसार ठाहर गांव निवासी जुगे ठाकुर के पुत्र कृष्ण कुमार ठाकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. इसी मामले में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे.

तीन से चार सौ लोगों की भीड़ ने किया हमला

मंत्री के प्रतिनिधि हरिश्चंद्र शर्मा ने बताया कि मंत्री के गांव पहुंचने के दौरान अचानक तीन से चार सौ की संख्या में महिला और पुरुष वहां एकत्र हो गए. उनके हाथों में लाठी और अन्य सामान थे.

आरोप है कि भीड़ ने अचानक मंत्री पर हमला कर दिया. इस दौरान कुछ लोगों ने लाठी से उनका गला दबाने की कोशिश की, जबकि कुछ लोगों ने गमछा लपेटकर भी हमला करने का प्रयास किया.

वाहन को भी पहुंचाया नुकसान

घटना के दौरान मंत्री के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सुरक्षा कर्मियों और साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने किसी तरह मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला.

सुरक्षा कर्मियों ने बचाई जान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री के स्कॉट में शामिल सुरक्षा कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित वाहन में बैठाकर घटनास्थल से बाहर निकाला. इसके बाद मंत्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया.

पूर्व प्रायोजित हमले का आरोप

हरिश्चंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय राजद नेता के इशारे पर पूर्व नियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा कि मंत्री पर जानलेवा हमला किया गया है.

एसपी पहुंचे थाना, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया

घटना के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद कलुआही थाना पहुंचे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार भी थाना पहुंचे. समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन