मधुबनी में ओवर ब्रिज निर्माण की मांग तेज, रेल मंत्री से मिले विधायक माधव आनंद
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 17 May 2026 3:18 PM
विधायक माधव आनंद ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की
Madhubani News: विधायक माधव आनंद ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर 13 नंबर गुमटी पर आरओबी निर्माण की मांग की है. रेल मंत्री ने जल्द ओवर ब्रिज बनाने का सकारात्मक आश्वासन दिया है. जानिए खबर विस्तार से…
Madhubani News: शहर की मुख्य सड़क पर स्थित रेलवे गुमटी संख्या 13 पर लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों को जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है. मधुबनी के नगर विधायक माधव आनंद ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए एक मांग पत्र सौंपा है. रेल मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) के शीघ्र निर्माण का सकारात्मक आश्वासन दिया है.
रोजाना बंद गुमटी से परेशान हैं छात्र, मरीज और कारोबारी
विधायक माधव आनंद ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली रेलवे गुमटी संख्या 13 मधुबनी का एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है. ट्रेन परिचालन के समय गुमटी बंद रहने के कारण यहाँ लंबे समय तक महाजाम की स्थिति बनी रहती है. इस जाम के कारण आम नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, गंभीर मरीजों और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
मिथिला के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध
विधायक ने जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस ओवर ब्रिज परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने का आग्रह किया. रेल मंत्री से मिले आश्वासन के बाद विधायक ने कहा कि आरओबी के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक-सामाजिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी और हादसों में भी कमी आएगी. उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार और मिथिला क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
मधुबनी से नागेंद्रनाथ झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










