Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: नेपाली लड़की को भगाकर ला रहे दो युवक गिरफ्तार, एपीएफ को सौंपा

नेपाली लड़की को भगाकर ला रहे दो युवक गिरफ्तार
Madhubani News: मधुबनी के मधवापुर बॉर्डर पर एसएसबी ने नेपाल से भगाकर लाई जा रही एक लड़की को दो युवकों के साथ पकड़ा. नेपाल के रामगोपालपुर थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट. एसएसबी ने एपीएफ के जरिए लड़की को परिजनों को सौंपा...
Madhubani News: मधुबनी भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 48वीं बटालियन के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक नेपाली लड़की को अवैध रूप से भारत लाए जाने की कोशिश को नाकाम कर दिया है. मधवापुर बीओपी के जवानों ने पेठियागाछी चेक पोस्ट के पास संदेह के आधार पर दो युवकों और एक युवती को हिरासत में लिया, जिसके बाद एक बड़े मामले का खुलासा हुआ.
पहचान पत्र मांगने पर खुली पोल
जानकारी के अनुसार, सीमा पर तैनात जवान रूटीन चेकिंग कर रहे थे, तभी नेपाल की ओर से आ रहे दो लड़के और एक लड़की पर उनकी नजर पड़ी. जब जवानों ने उनसे पहचान पत्र मांगा और भारत आने का उद्देश्य पूछा, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. मामला संदिग्ध देखते ही समवाय प्रभारी भगवान सहाय मीना मौके पर पहुँचे और गहन पूछताछ शुरू की.
दो दिनों से गायब थी लड़की, नेपाल में दर्ज थी रिपोर्ट
पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों युवक लड़की को अवैध तरीके से और बहला-फुसलाकर भारत ले जा रहे थे. छानबीन में यह तथ्य सामने आया कि लड़की पिछले दो दिनों से अपने घर से गायब थी. इस संबंध में नेपाल के रामगोपालपुर थाने में पहले से ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. एसएसबी ने तुरंत इसकी सूचना नेपाली अधिकारियों को दी.
परिजनों की मौजूदगी में नेपाल पुलिस को सुपुर्द
एसएसबी ने मानवीय आधार पर कार्रवाई करते हुए लड़की के परिजनों को सीमा पर बुलाया. इसके बाद नेपाल के एपीएफ(APF) निरीक्षक नागेंद्र भंडारी और लड़की के परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में तीनों को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. एसएसबी की इस सतर्कता की सीमाई इलाकों में काफी सराहना की जा रही है.
मधवापुर मधुबनी से मनोज कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










