मधुबनी में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स का गठन, सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

Published by : Purushottam Kumar Updated At : 07 Jun 2026 4:25 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Madhubani News: मधुबनी में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने और ब्लैक स्पॉट सुधारने के लिए हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स का गठन किया गया है. समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे और हर 15 दिन पर समीक्षा बैठक होगी. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Madhubani News: राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, अवैध अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स का गठन किया गया है. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और राज्य सरकार के आदेश के आलोक में गठित इस समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे. समिति सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार और अतिक्रमण हटाने की दिशा में काम करेगी.

डीएम की अध्यक्षता में काम करेगी टास्क फोर्स

परिवहन विभाग के आदेश के अनुसार गठित समिति में पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है. इसके अलावा सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग और जिला मोटर व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है.

अतिक्रमण हटाने और ब्लैक स्पॉट सुधारने पर रहेगा जोर

समिति राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. साथ ही हाईवे सेफ्टी जोन में बिना एनओसी या लाइसेंस के संचालित गतिविधियों की निगरानी, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के चिन्हीकरण और सुधार की जिम्मेदारी भी निभाएगी.

हर पखवाड़े होगी समीक्षा, 60 दिनों में तैयार होगी कार्ययोजना

आदेश के अनुसार टास्क फोर्स प्रत्येक पखवाड़े समीक्षा बैठक करेगी और कार्रवाई प्रतिवेदन जिला सड़क सुरक्षा समिति तथा राज्य सरकार को भेजेगी. समिति को 60 दिनों के भीतर अवैध संरचनाएं हटाने और सड़क सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत के लिए एम्बुलेंस, रिकवरी क्रेन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा.

सड़क सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

जिला परिवहन पदाधिकारी राम बाबू ने कहा कि हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स के गठन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा.

मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन