मधुबनी: बेनीपट्टी में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन
Road blockade after tractor bike accident in Benipatti Madhubani

जाम लगाए आक्रोशित लोग.

मधुबनी के बेनीपट्टी में ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Madhubani accident news: मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना उमगांव-बेनीपट्टी मुख्य सड़क पर तिसियाही चहुटा मोड़ के पास हुई, जहां ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

मृतक की पहचान खिरहर थाना क्षेत्र के जिरौल नवटोली गांव निवासी मो. नुरुल के 22 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा के रूप में हुई है.

ननिहाल से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार मो. मुस्तफा बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव स्थित अपने ननिहाल आया था. वहां से शनिवार सुबह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ.

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

घटना की सूचना पर बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिव शरण साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया.

बाद में बीडीओ महेश्वर पंडित, सीओ अभिषेक आनंद समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. करीब तीन घंटे की मशक्कत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका.

सीसीटीवी और स्पीड ब्रेकर की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि तिसियाही चहुटा मोड़ के पास अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं. इसके बावजूद अब तक वहां सीसीटीवी कैमरा और स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था नहीं की गई है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के आसपास कई जगहों पर स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं युवक की मौत के बाद उसके गांव में मातम पसरा हुआ है.

मधुबनी-बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन