मधुबनी: 15 अगस्त को लॉन्च होगा ‘मधुबनी आर्ट्स’ पोर्टल, मिथिला के कलाकारों को मिलेगा देश-विदेश में बाजार
मिथिला चित्रकला संस्थान सौराठ मधुबनी
मिथिला की पारंपरिक कलाओं को अब मिलेगा एक नया डिजिटल मंच. 15 अगस्त 2026 को 'मधुबनी आर्ट्स' ई-कॉमर्स पोर्टल लॉन्च होगा, जो मिथिला चित्रकला को वैश्विक बाज़ार से जोड़ेगा. इस पहल से कलाकारों को सीधे खरीदारों तक पहुँचने और बेहतर आर्थिक अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी.
Madhubani News: मधुबनी. मिथिला की प्रसिद्ध चित्रकला और पारंपरिक कलाओं को डिजिटल बाजार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन एवं मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ की महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को ‘मधुबनी आर्ट्स’ ई-कॉमर्स पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा. पोर्टल के माध्यम से मिथिला की प्रमाणित कलाकृतियां देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचेंगी और कलाकारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
Madhubani Art News: कलाकारों को मिलेगा सीधा बाजार
‘मधुबनी आर्ट्स’ पोर्टल के जरिए मिथिला चित्रकला एवं पारंपरिक कलाओं को ऑनलाइन बाजार से जोड़ा जाएगा. इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी कलाकृतियां सीधे व्यापक खरीदार वर्ग तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा. पहल का उद्देश्य कलाकारों को बेहतर आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ मिथिला की कला को वैश्विक पहचान दिलाना है.
गुणवत्ता के आधार पर तीन श्रेणियों में होंगी कलाकृतियां
पोर्टल पर कलाकृतियों को गुणवत्ता के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा जाएगा. इनमें मिथिला हेरिटेज, मिथिला सिग्नेचर और मिथिला क्लासिक श्रेणियां शामिल हैं. इससे खरीदारों को कलाकृतियों की गुणवत्ता और श्रेणी के आधार पर चयन करने में सुविधा मिलेगी.
बारकोड से होगा पारदर्शी मूल्यांकन और प्रमाणीकरण
कलाकृतियों की गुणवत्ता के पारदर्शी आकलन के लिए बारकोड आधारित ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली विकसित की जाएगी. मिथिला चित्रकला संस्थान प्रत्येक कलाकृति का प्रमाणीकरण करेगा. खरीदारों को कलाकृति की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए प्रमाणिकता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा.
कलाकारों को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं
पोर्टल पर कलाकारों के लिए डिजिटल प्रोफाइल बनाने, ऑनलाइन कलाकृति जमा करने, लाइव डेमो और एसएमएस-ईमेल के माध्यम से सूचना प्राप्त करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और खरीदारों से जुड़ने का डिजिटल मंच मिलेगा.
फ्रेमिंग से डिलीवरी तक एकीकृत व्यवस्था
कलाकृतियों की फ्रेमिंग, सुरक्षित पैकेजिंग और डिलीवरी की व्यवस्था को भी पोर्टल से जोड़ा जाएगा. इससे कलाकारों और खरीदारों दोनों को पूरी प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
AI और ब्लॉकचेन तकनीक के इस्तेमाल की योजना
‘मधुबनी आर्ट्स’ पोर्टल को हिंदी, अंग्रेजी और मैथिली भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ब्लॉकचेन जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल की भी योजना है. इससे कलाकृतियों की डिजिटल पहचान, प्रमाणिकता और ऑनलाइन कारोबार को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
पहले छात्रों को जोड़ा जाएगा
पहले चरण में मिथिला चित्रकला संस्थान के वर्तमान एवं पूर्व छात्रों को पोर्टल से जोड़ा जाएगा. इसके बाद निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अन्य योग्य कलाकारों को भी इस डिजिटल बाजार से जोड़ने की योजना है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर प्रखंड छह माह से प्रभार में, स्थायी बीडीओ की पदस्थापना का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










