झंझारपुर एलएन जनता कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम, छात्रों को चरित्र निर्माण और तकनीक से जुड़ने की दी सीख

Updated:
विज्ञापन

झंझारपुर एलएन जनता कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक, छात्र एवं अतिथि.

झंझारपुर के एलएन जनता कॉलेज में नए विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में छात्रों को सीबीसीएस पाठ्यक्रम की बारीकियों के साथ-साथ चरित्र निर्माण और आधुनिक तकनीक से जुड़ने के महत्व पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

LN Janta College Jhanjharpur: झंझारपुर शहर स्थित ललित नारायण जनता महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में बुधवार को नव नामांकित स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 के विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मियों ने हिस्सा लिया.

सीबीसीएस पाठ्यक्रम की समझाई बारीकियां

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान एवं संकायाध्यक्ष सामाजिक विज्ञान प्रो. अनिल कुमार झा और सीएम कॉलेज, दरभंगा के पूर्व विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र प्रो. अवनि रंजन सिंह रहे.

प्रो. अवनि रंजन सिंह ने विद्यार्थियों को सीबीसीएस पाठ्यक्रम की बारीकियों से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से वैज्ञानिक शोधों पर आधारित है. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की सलाह दी.

उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति से छात्रों के शैक्षणिक विकास में मदद मिलेगी और भविष्य की तैयारी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी.

चरित्र निर्माण और तकनीक से जुड़ने पर जोर

प्रो. अनिल कुमार झा ने छात्रों को चरित्र निर्माण, शैक्षणिक उत्कर्ष और तकनीक के साथ तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए.

उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने और शिक्षा का उपयोग समाज के विकास में करने के लिए प्रेरित किया.

प्रधानाचार्य ने बढ़ाया छात्रों का मनोबल

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. नारायण झा ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया. उन्होंने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए विभिन्न उद्धरणों के माध्यम से उन्हें भविष्य के प्रति सजग और सकारात्मक रहने की प्रेरणा दी.

दीक्षारंभ कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में डॉ. हरिओम कुमार ने विस्तार से जानकारी दी.

छात्राओं ने प्रस्तुत किया स्वागत गान

कार्यक्रम का मंच संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार झा ने किया. धन्यवाद ज्ञापन राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार ठाकुर ने किया.

रितु, अनीशा और हिमांशु गोयल सहित छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया. इससे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया.

शिक्षक और कर्मी रहे मौजूद

कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार, डॉ. पिंकी कुमारी, डॉ. भगवत मंडल, डॉ. विजय कुमार दीक्षित, डॉ. कौशलेंद्र कुमार, डॉ. हिमानी कुमारी, डॉ. दीपक कुमार झा, डॉ. तारकेश्वर राम, प्रधान सहायक अरुण कुमार मिश्र, त्रिपुरारी झा, कृष्ण कुमार झा और मुरारी कुमार पोद्दार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: मधुबनी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत माउंट कार्मेल स्कूल के छात्रों ने निकाली मैराथन


विज्ञापन
संजय कुमार

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन