मधुबनी में ‘मिथिला पाग के संग तिरंगा’ अभियान, हर घर तिरंगा से जुड़ने की अपील

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा यात्रा में शपथ लेते डीएम, एसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network

मधुबनी जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने के लिए 'मिथिला पाग के संग तिरंगा' अभियान शुरू किया है. यह पहल मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ती है. सभी से इस अनूठी राष्ट्रभक्ति की भावना में शामिल होने की अपील की गई है.

विज्ञापन

Madhubani News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, मधुबनी ने विशेष जनभागीदारी पहल शुरू की है. इसके माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक पहचान से जोड़ा गया है.

मिथिला की माटी, मिथिला का पाग; युवा शक्ति के संग लहराए तिरंगा

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिथिला का पारंपरिक पाग धारण कर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर तिरंगा फहराएं. प्रशासन ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गौरव के साथ मनाने की अपील की है.

इस पहल के लिए संदेश दिया गया है, ‘मिथिला की माटी, मिथिला का पाग; युवा शक्ति के संग, लहराए तिरंगा हर द्वार।’

मिथिला की संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संगम

मिथिला की सांस्कृतिक पहचान में पाग का विशेष स्थान है. यह केवल पारंपरिक परिधान नहीं, बल्कि सम्मान, गौरव और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक माना जाता है. जिला प्रशासन की पहल का उद्देश्य इसी सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है.

इसके माध्यम से युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन न रहकर सामूहिक भागीदारी और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव बने.

युवाओं से विशेष अपील

जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का विशेष आह्वान किया है. युवाओं से मिथिला का पाग पहनकर तिरंगा फहराने, परिवार और आसपास के लोगों को अभियान से जोड़ने तथा राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की अपील की गयी है.

विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संगठनों, व्यवसायिक संस्थानों और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की गयी है.

सोशल मीडिया पर भी अभियान से जुड़ने की अपील

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मिथिला का पाग धारण कर तिरंगा फहराते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें. इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और स्वतंत्रता दिवस के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते समय अभियान के निर्धारित हैशटैग ‘मिथिला पाग के संग तिरंगा’ का प्रयोग करने की अपील की गयी है.

यह भी पढ़ें: रहिका में बनेगा डिजिटल तारामंडल व स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी एजुकेशन सेंटर, 2.31 एकड़ भूमि चिह्नित


विज्ञापन
Awadesh Kumar Das

लेखक के बारे में

By Awadesh Kumar Das

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन