गुरुवार से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला, डीएम ने तैयारियों का लिया अंतिम जायजा, सुरक्षा में नहीं होगी कोई कोताही

Updated:
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान डीएम सहित अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

फोटो- निरीक्षण के दौरान डीएम सहित अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

सिंहेश्वर श्रावणी मेले के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने व्यापक निरीक्षण किया. उन्होंने पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए. विशेष रूप से शिवगंगा में एनडीआरएफ की 24 घंटे निगरानी और बेहतर जलापूर्ति पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Singheshwar Shravani Mela: सिंहेश्वर (मधेपुरा). राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल संचालन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी सह सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अभिषेक रंजन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विभागों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

डीएम ने सबसे पहले चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, टेंट, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं ट्रैफिक डीएसपी से रूट चार्ट की जानकारी लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.

गंदगी देख अधिकारियों को लगाई फटकार

मंदिर के पीछे स्थित बायपास मार्ग पर गंदगी मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया. शिवगंगा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर पंचायत को भी आवश्यक निर्देश दिए गये.

पंडाल में बढ़ेगी बैरिकेडिंग, लगेंगे पंखे और कूलर

करीब 25 हजार वर्गफीट में बनाए गए पंडाल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने श्रद्धालुओं की कतारों के लिए दो अतिरिक्त बैरिकेडिंग लाइन लगाने का निर्देश दिया. साथ ही टेंट एजेंसी को भीड़ वाले स्थानों और कतारों में पर्याप्त पंखे एवं कूलर लगाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके.

बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था होगी सुरक्षित

मंदिर परिसर की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि कहीं भी खुले तार नहीं रहने चाहिए. विशेष रूप से जलापूर्ति वाले स्थानों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं. उन्होंने सभी विद्युत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

शिवगंगा में 24 घंटे रहेगी एनडीआरएफ की निगरानी

डीएम ने शिवगंगा में लगाए गए स्टील बैरिकेडिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए. उन्होंने सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को वाटर बोट संचालन बंद रखने तथा शिवगंगा क्षेत्र में 24 घंटे एनडीआरएफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

धर्मशालाओं और पेयजल व्यवस्था की हुई समीक्षा

प्रतिमा सिंह धर्मशाला, सार्वजनिक धर्मशाला और आस्था भवन का निरीक्षण करते हुए डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए. साथ ही मंदिर परिसर के सभी चापाकलों की जांच कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.

सात पार्किंग स्थलों पर तैनात रहेंगे अधिकारी

प्रशासन ने श्रावणी मेले के दौरान नारियल विकास बोर्ड परिसर, भेलवा मोड़ मार्ग, मेला ग्राउंड, रमानी टोला मार्ग, पुलिस लाइन, राधाकृष्ण चौक तथा मवेशी हाट मैदान सहित सात पार्किंग स्थलों का चयन किया है. प्रत्येक स्थल पर अलग-अलग अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिन्हें टेंट, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गयी है.

सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

डीएम ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे पालीवार सफाई कर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया. पीएचईडी को अस्थायी शौचालय, चापाकल और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ हाथी गेट के समीप क्षतिग्रस्त पाइप से हो रहे जल रिसाव के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया.

निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद

Singheshwar Shravani Mela: निरीक्षण के दौरान डीडीसी अनिल बसाक, सदर एसडीएम संतोष कुमार, ट्रैफिक डीएसपी कृष्णानंद झा, ओएसडी संतोष कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, सीओ नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय सिंह, स्मीता सिंह, रौशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, लाल ठाकुर, युगल पटेल, न्यास प्रबंधक भवेश कुमार, नगर पंचायत प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी, पीएचईडी एवं भवन प्रमंडल के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
सुशांत कुमार

लेखक के बारे में

By सुशांत कुमार

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन