पटना में 2464 करोड़ की छह बड़ी परियोजनाएं, 725 करोड़ से बनेंगे 31 बहुमंजिला वेंडिंग जोन

राजधानी पटना को आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने ₹2463.91 करोड़ की छह बड़ी परियोजनाएं शुरू की हैं. इनमें 31 बहुमंजिला वेंडिंग जोन, नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हरित विकास शामिल हैं.
Patna News: राजधानी पटना को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में पटना नगर निगम ने करीब 2463.91 करोड़ रुपये की छह बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू करने की तैयारी कर ली है. इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना और नगर निगम के राजस्व में वृद्धि करना है. नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा चयनित एजेंसी के साथ जल्द एकरारनामा होने की संभावना है, जिसके बाद सभी परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा.
725 करोड़ से बनेंगे 31 बहुमंजिला वेंडिंग जोन
इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण वेंडिंग जोन का निर्माण है. लगभग 724.93 करोड़ रुपये की लागत से 31 आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे. पहले इन्हें एक या दो मंजिला बनाने की योजना थी, लेकिन अब इन्हें चार, पांच और छह मंजिला विकसित करने की तैयारी है. सभी वेंडिंग जोन में लिफ्ट, सेंट्रलाइज्ड एसी और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
स्थानीय वेंडरों के साथ मिलेंगे बड़े ब्रांड्स
वेंडिंग जोन में स्थानीय वेंडरों को नाममात्र शुल्क पर व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके साथ ही बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स तथा आउटलेट्स को भी स्थान दिया जाएगा. इससे लोगों को एक ही परिसर में बेहतर खरीदारी की सुविधा मिलेगी, जबकि बड़े ब्रांड्स से मिलने वाले किराये से नगर निगम की आय में भी बढ़ोतरी होगी.
प्रस्तावित वेंडिंग जोन शेखपुरा रैन बसेरा, अमला टोला, पंच मंदिर, इको पार्क डीपीएस के पास, चित्रगुप्त समाज मंदिर, साकेत नगर, बेऊर मोड़, जंक्शन रोड मल्टी लेवल पार्किंग के पीछे समेत कई अन्य स्थानों पर विकसित किए जाएंगे.
न्यू मार्केट और खेतान मार्केट क्षेत्र में बनेंगे आधुनिक कॉम्प्लेक्स
पटना जंक्शन के पास स्थित न्यू मार्केट को 590.05 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा. वहीं खेतान मार्केट के सामने पीपीपी मॉडल पर 736.41 करोड़ रुपये की लागत से नया कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा. इसके अलावा वार्ड संख्या 42 में 280.44 करोड़ रुपये की लागत से एक नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा.
82 करोड़ से बनेगा अतिथि गृह सह नागरिक सुविधा केंद्र
श्रीकृष्णापुरी क्षेत्र में लगभग 19 हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल में 82.08 करोड़ रुपये की लागत से अतिथि गृह सह नागरिक सुविधा केंद्र बनाया जाएगा. इसमें आधुनिक बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
हरियाली और मनोरंजन सुविधाओं पर भी जोर
शहर को अधिक हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से अर्बन ग्रीन एंड रिक्रिएशनल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा. इसके तहत विभिन्न इलाकों में साइकिल ट्रैक, वॉक-वे, लैंडस्केपिंग और मनोरंजन स्थलों का निर्माण किया जाएगा.
1232 करोड़ रुपये खुद जुटाएगा नगर निगम
इन सभी परियोजनाओं के लिए वित्तीय खाका भी तैयार कर लिया गया है. कुल लागत का 50 प्रतिशत यानी करीब 1232 करोड़ रुपये पटना नगर निगम स्वयं जुटाएगा. इसके लिए 200 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी किया जाएगा, साथ ही बैंक ऋण और बड़े ब्रांड्स से मिलने वाले अग्रिम राजस्व का भी उपयोग किया जाएगा. शेष राशि में 25 प्रतिशत राज्य सरकार और 25 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










