पुरैनी के डुमरैल चौक पर भीषण अगलगी, दो दुकानें और दो मकान जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

Updated:
विज्ञापन
आग लगी का जायजा लेते पंचायत के मुखिया मोहम्मद वाजिद | Prabhat Khabar Network

आग लगी का जायजा लेते पंचायत के मुखिया

पुरैनी के डुमरैल चौक पर एक भीषण आग लगने की घटना में दो दुकानें और दो रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए. इस अगलगी में लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है.

विज्ञापन

Madhepura Fire Incident: पुरैनी (मधेपुरा). पुरैनी मुख्यालय स्थित डुमरैल चौक पर मंगलवार की मध्य रात्रि हुई भीषण अगलगी में दो दुकानें और दो आवासीय मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

करकट की दुकान से शुरू हुई आग

अग्निशमन विभाग के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात करीब दो बजे डुमरैल चौक स्थित एक करकट नुमा दुकान में आग लगी. तेज लपटों ने कुछ ही देर में आसपास की दुकानों और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल सका.

दो दुकानें और दो मकान जलकर हुए राख

अगलगी में दार्जिलिंग चाय दुकान और नमोपान प्लेस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. वहीं विजयलाल और मुरारी कुमार झा के आवासीय मकान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए. पीड़ितों के अनुसार घर में रखा राशन, कपड़े, बिस्तर, फ्रिज, पंखा, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया.

तीन दमकल वाहनों ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुरैनी थाना के माध्यम से अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई. इसके बाद पुरैनी थाना का एमटी वाहन, चौसा से वाटर टेंडर तथा उदाकिशुनगंज से एक अन्य एमटी वाहन मौके पर पहुंचा. अग्निशमन पदाधिकारी सोनू कुमार, मुकेश कुमार, रंधीर कुमार, रोशन कुमार, सोनू कुमार, डब्लू कुमार एवं अन्य कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान चलाया. करीब तीन बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.

मुआवजे की मांग

पीड़ित विजयलाल ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की है. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.

जनहानि नहीं, आर्थिक नुकसान भारी

Madhepura Fire Incident: इस अगलगी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. हालांकि आग से प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर नुकसान का आकलन करने में जुटा है.


विज्ञापन
वसीम अख्तर

लेखक के बारे में

By वसीम अख्तर

वसीम अख्तर प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पुरैनी (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन