श्राद्ध भोज गोलीकांड में घायल गाय की भी मौत, गांव में बढ़ा आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज

Updated:
विज्ञापन

शंकरपुर थाना.| Prabhat Khabar Network

Shradh Feast Firing : बेहरारी गांव में श्राद्ध भोज के दौरान हुई गोलीबारी में घायल एक गाय की संक्रमण से मौत हो गई है. इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है.

विज्ञापन

Shradh Feast Firing : सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में हुई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान गांव निवासी पप्पू रजक की गाय के पैर में गोली लग गई थी. घटना के बाद से उसका लगातार इलाज कराया जा रहा था, लेकिन पैर में फंसी गोली नहीं निकाली जा सकी. संक्रमण बढ़ने और हालत बिगड़ने के कारण मंगलवार रात गाय की मौत हो गई.

पशुपालन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम

गाय की मौत की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. पशु चिकित्सक डॉ. मणिकेश्वर भास्कर के नेतृत्व में मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया गया. डॉ. भास्कर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

श्राद्ध भोज में चली थी ताबड़तोड़ गोलियां

गौरतलब है कि पिछले शनिवार देर रात बेहरारी गांव में श्राद्ध भोज के दौरान वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया था. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई. इस गोलीबारी में 50 वर्षीय रामू यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज अभी जारी है.

नौ नामजद सहित कई लोगों पर दर्ज है मामला

घटना के बाद मृतक रामू यादव के पुत्र के आवेदन पर सिंहेश्वर थाने में नौ नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

गांव में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटनास्थल से वैज्ञानिक और प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. इधर, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.


विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन