दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की शिकायतें सुनी गईं, कई मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान
सहयोग शिविर में मौजूद ग्रामीण.
Sahyog Camp : ईसरायन बेला और ईसरायन कला पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों ने ग्रामीणों को राहत दी. विभिन्न विभागों के काउंटर लगाकर उनकी समस्याओं को सुना गया और कई का मौके पर ही समाधान किया गया.
Sahyog Camp : सार्वजनिक अवकाश के कारण निर्धारित तिथि में बदलाव के बाद ईसरायन बेला और ईसरायन कला पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और आवेदन लेकर पहुंचे. प्रशासन की पहल से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं.
अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
ईसरायन बेला पंचायत में आयोजित शिविर में उप विकास आयुक्त अनिल बसाक की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों से आवेदन प्राप्त किए. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी शशिभूषण सुमन, मुखिया रामअवतार ठाकुर, पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी राजेश झा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे. वहीं ईसरायन कला पंचायत में मुखिया जुलिफर नाज की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं.
विभिन्न विभागों के लगाए गए काउंटर
शिविर में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, मनरेगा, बिजली, पेयजल, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, आंगनबाड़ी, जीविका, श्रम सहित कई विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. ग्रामीणों ने जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं.
कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
शिविर के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया. जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया. अधिकारियों ने आवेदकों को उनकी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की भी जानकारी दी.
समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
प्रखंड विकास पदाधिकारी शशिभूषण सुमन ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर निर्धारित समय के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं. साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










