सड़क किनारे वाहन खड़ा करना पड़ेगा महंगा, टोइंग वैन से भेजा जायेगा डंपिंग यार्ड

सड़क किनारे वाहन खड़ा करना पड़ेगा महंगा, टोइंग वैन से भेजा जायेगा डंपिंग यार्ड
मधेपुरा. शहर के समाहरणालय, व्यवहार न्यायालय, निबंधन कार्यालय और नगर परिषद जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रशासन सख्त हो गया है. यातायात विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुये सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी बाइक और अन्य वाहनों के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई की. नगर परिषद द्वारा इन इलाकों में न्यूनतम शुल्क पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गयी है. इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे न सिर्फ जाम की समस्या बढ़ती है, बल्कि बाइक चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है. इधर, ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने बताया कि पहले ऐसे मामलों में केवल चालान काटा जा रहा था, लेकिन अब सख्ती बढ़ा दी गयी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्किंग व्यवस्था होने के बावजूद सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों के वाहनों को अब टोइंग वैन के जरिये सीधे डंपिंग यार्ड ले जाया जायेगा और उनसे जुर्माना वसूला जायेगा. जिला प्रशासन ने शहर के सभी वाहन चालकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें. सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से जाम और चोरी जैसी समस्याएं बढ़ती हैं. जिम्मेदार नागरिक बनें, नियमों का पालन करें एवं प्रशासन के अभियान में सहयोग करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










