त्वरित पुलिस कार्रवाई से नाबालिग बरामद, दबिश बढ़ते ही किशोरी को छोड़ फरार हुआ युवक

Published by : Kumar Ashish Updated At : 18 May 2026 6:07 PM

विज्ञापन

त्वरित पुलिस कार्रवाई से नाबालिग बरामद

विज्ञापन

कुमारखंड, मधेपुरा. भतनी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुये आठ घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया. लगातार पुलिस दबिश और तकनीकी निगरानी से घबराकर आरोपित युवक किशोरी को मधेपुरा में छोड़कर फरार हो गया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी चर्चा हो रही है. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे भतनी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद परिवार वालों ने थाना पहुंचकर एक युवक पर बहला-फुसलाकर लड़की को ले जाने का आरोप लगाया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि लड़की का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भतनी थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज करते हुये भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) एवं 96 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और तकनीकी अनुसंधान के सहारे संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी. लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से आरोपित युवक दबाव में आ गया. बताया जा रहा है कि वह किशोरी को किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण उसकी योजना सफल नहीं हो सकी. शनिवार को मधेपुरा क्षेत्र में युवक किशोरी को छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने किशोरी को चिकित्सीय जांच के लिए भी भेजा है. थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी की गई, जिसके कारण कम समय में ही लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. उन्होंने कहा कि आरोपित युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद परिजनों ने राहत महसूस की है. वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो मामला गंभीर रूप ले सकता था. स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और सोशल मीडिया उपयोग पर विशेष नजर रखने की अपील भी की है.

विज्ञापन
Kumar Ashish

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन