शादीशुदा युवती के लापता होने से सनसनी, मां ने सात लोगों पर लगाया आरोप, पुलिस को प्रेम-प्रसंग की आशंका

उदाकिशुनगंज थाना.
Madhepura News : उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र से एक शादीशुदा युवती के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. युवती की मां ने सात लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस से सकुशल बरामदगी की मांग की है. हालांकि, पुलिस को प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग की आशंका लग रही है.
Madhepura News : उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित एक गांव से एक शादीशुदा युवती के लापता का मामला सामने आया है. युवती की मां ने उदाकिशुनगंज थाने में लिखित आवेदन देकर पुत्री की सकुशल बरामदगी और आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में उदाकिशुनगंज, चौसा तथा बेगूसराय जिले के दंडारी थाना क्षेत्र के कुछ लोगों को नामजद किया गया है.
फोन कॉल से बढ़ा था वैवाहिक विवाद, गांव बुलाया था परिवार
पीड़िता की मां ने आवेदन में बताया कि कुछ माह पूर्व उनकी पुत्री की शादी मुंबई में हुई थी. शादी के बाद कुछ मोबाइल नंबरों से उनकी पुत्री और दामाद को लगातार फोन कर परेशान किया जा रहा था, जिससे दोनों के वैवाहिक संबंधों में तनाव उत्पन्न हो गया. इसी कारण लगभग दस दिन पहले उन्होंने अपनी पुत्री को गांव बुला लिया था.
सात लोगों पर लगाया युवती को ले जाने का आरोप
आवेदन के अनुसार 28 जुलाई की रात से युवती रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है. काफी खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि गांव के छोटू कुमार ने अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ मिलकर युवती को अपने साथ ले गया है. मामले में छोटू कुमार, उसके माता-पिता, भाई, बहन और भाभी के अलावा चौसा थाना क्षेत्र के घोषई गांव निवासी प्रीतम देवी तथा बेगूसराय जिले के दंडारी थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी अनिल महतो को भी नामजद किया गया है.
पुलिस बोली—प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग की आशंका
थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती के अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में युवती के घर छोड़कर जाने का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










