मधेपुरा में एक सप्ताह से कैश के लिए भटक रहे ग्राहक, बैंक ने भी खड़े किए हाथ

Updated:
विज्ञापन
मधेपुरा में एक सप्ताह से कैश के लिए भटक रहे ग्राहक, बैंक ने भी खड़े किए हाथ

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में पिछले एक सप्ताह से नकदी संकट गहराया

Madhepura News: RBI से कैश सप्लाई नहीं मिलने का दावा, नोटबंदी जैसी चर्चाओं के बीच बढ़ी लोगों की चिंता

विज्ञापन

उदाकिशुनगंज से कौनैन बशीर की रिपोर्ट.

Madhepura News: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में पिछले एक सप्ताह से नकदी संकट गहराता जा रहा है. बैंक में कैश नहीं होने के कारण ग्राहक अपनी जमा राशि तक नहीं निकाल पा रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि लोग रोज बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं. बैंक प्रबंधन भी यह बताने की स्थिति में नहीं है कि समस्या कब तक दूर होगी.

अपनी ही जमा राशि के लिए बैंक के चक्कर काट रहे लोग

उदाकिशुनगंज एसबीआई शाखा में नकदी की कमी ने आम ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. घरेलू खर्च, खेती-बाड़ी, इलाज और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए लोग बैंक से पैसा निकालना चाहते हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लग रही है. कई ग्राहकों का कहना है कि वे चार-पांच दिनों से लगातार बैंक का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं हो पा रहा है.

मंजूला देवी, रानी देवी, खुशबू कुमारी, अवधेश कुमार और रंजेश कुमार समेत कई ग्राहकों ने बताया कि नकदी नहीं मिलने से उनकी दैनिक जरूरतें प्रभावित हो रही हैं.

CSP केंद्रों पर भी दिख रहा कैश का असर

स्थिति केवल बैंक शाखा तक सीमित नहीं है. एसबीआई से जुड़े कई ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) में भी पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं है. इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. जो ग्राहक बैंक तक नहीं पहुंच सकते, वे भी अपने खातों से राशि निकालने में असमर्थ हैं.

बैंक प्रबंधन ने क्या कहा?

एसबीआई उदाकिशुनगंज के प्रभारी शाखा प्रबंधक रजत किरण ने बताया कि पिछले शुक्रवार से बैंक को पर्याप्त नकदी की आपूर्ति नहीं मिल रही है. उनके अनुसार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से कैश उपलब्ध नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है. उन्होंने कहा कि फिलहाल नकदी आपूर्ति सामान्य होने की कोई निश्चित जानकारी उपलब्ध नहीं है.

नोटबंदी जैसी चर्चाओं ने बढ़ाई बेचैनी

नकदी संकट के बीच क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. कुछ लोग कागजी नोटों की आपूर्ति को लेकर आशंकाएं जता रहे हैं, जबकि कई लोगों को वर्ष 2016 की नोटबंदी की याद आने लगी है. हालांकि बैंक या सरकार की ओर से ऐसी किसी संभावना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

PNB में सामान्य है स्थिति

जहां एसबीआई ग्राहक परेशानी झेल रहे हैं, वहीं पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में लेनदेन सामान्य रूप से जारी है. पीएनबी के डिप्टी ब्रांच मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि बैंक में पर्याप्त नकदी उपलब्ध है और ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है.

Also Read: विक्रमशिला सेतु पर पहले पार करेंगे मीडियाकर्मी, चिकित्सक व प्रबुंद्धजन, सात जून को 11 बजे से आमलोगों के लिए होगा चालू

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन