Madhepura News : हाईवा की रफ्तार पर विधान पार्षद ने जतायी चिंता, लगाम लगाने की मांग

उदाकिशुनगंज अनुमंडल के एसएच-58 एवं एनएच 106 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विधान परिषद सदस्य डॉ अजय कुमार सिंह ने गहरी चिंता जतायी है.
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज से कौनैन बशीर की रिपोर्ट Madhepura News : उदाकिशुनगंज अनुमंडल के एसएच-58 एवं एनएच 106 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विधान परिषद सदस्य डॉ अजय कुमार सिंह ने गहरी चिंता जतायी है. उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं और अब तक सैकड़ों परिवारों के चिराग बुझ चुके हैं. उन्होंने बताया कि उदाकिशुनगंज से भटगामा तक आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है. स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि हर दिन किसी न किसी परिवार पर दुख का पहाड़ टूट रहा है.
जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने व स्पीड लिमिट सख्ती से लागू करने की मांग
डॉ सिंह ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इन मार्गों पर हाईवा एवं अन्य भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और स्पीड लिमिट सख्ती से लागू की जाए. साथ ही यातायात पुलिस एवं स्थानीय थानों को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया जाए. उन्होंने कहा कि बीते सोमवार को एनएच 106 उदाकिशुनगंज में दर्दनाक सड़क हादसा में 14 वर्षीय छात्र देवराज कुमार की मौत हो गयी. वहीं एसएच-58 पर बिहारीगंज के पास बिशनपुर में एक हाईवा ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त होकर विद्यालय को नुकसान पहुंचा चुकी है. उन्होंने कहा कि अगर यह घटना स्कूल समय में होती, तो बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था. इसी तरह एनएच रविवार को एनएच 106 पर उदा में भी एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर घर में घुस गया, जिससे लोगों में भय का माहौल है. डॉ सिंह ने सरकार से मांग की कि सड़क दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा के साथ-साथ रोजगार भी उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया की मौत के बाद पूरा परिवार आर्थिक संकट में घिर जाता है.वहीं सूत्रों के हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हाईवा चालकों को मासिक वेतन नहीं मिलता, बल्कि ट्रिप के आधार पर भुगतान किया जाता है. अधिक कमाई के लिए चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आम लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके. उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ठोस कदम उठाकर आम लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










