उदाकिशुनगंज में 216 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा
भूमिहीन परिवारों को पर्चा प्रदान करते एसडीएम पंकज कुमार घोष | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उदाकिशुनगंज में 216 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा वितरित किया गया. पर्चा मिलने से इन परिवारों को स्थायी रूप से बसने और जीवन में सुरक्षा व स्थायित्व लाने में मदद मिलेगी. लाभुकों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
उदाकिशुनगंज : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित मुख्य समारोह के बाद अनुमंडल मुख्यालय परिसर में भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया गया. अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से चयनित कुल 216 भूमिहीन परिवारों को पर्चा निर्गत कर भूमि संबंधी अधिकार प्रदान किया गया. पर्चा मिलते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आयी.
कार्यक्रम में ग्वालपाड़ा, चौसा, पुरैनी, बिहारीगंज और आलमनगर प्रखंड क्षेत्र के भूमिहीन परिवार शामिल हुए. इस दौरान डीसीएलआर सौरभ कुमार, संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी सहित राजस्व विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
भूमिहीन परिवारों को स्थायी बसने में मिलेगी मदद
इस अवसर पर एसडीएम घोष ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. सरकार की योजना के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को चिह्नित कर नियमानुसार पर्चा उपलब्ध कराया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि पर्चा मिलने से भूमिहीन परिवारों को स्थायी रूप से बसने में मदद मिलेगी. इससे उनके जीवन में सुरक्षा और स्थायित्व आयेगा. प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे.
एसडीएम ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में पात्र परिवारों की पहचान और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने लाभुकों से पर्चे से संबंधित सभी दस्तावेज सुरक्षित रखने और सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
लंबे इंतजार के बाद मिला जमीन का अधिकार
पर्चा वितरण के दौरान अधिकारियों ने लाभुकों को भूमि से संबंधित दस्तावेजों और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी. अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा.
लंबे समय से जमीन की आस लगाए परिवारों के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह अधिकार खुशी का विशेष अवसर रहा. लाभुकों ने पर्चा मिलने पर प्रशासन के प्रति आभार जताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए