किताब निकालने गया 9 वर्षीय बालक, जहरीले सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत
सांकेतिक तस्वीर
मधेपुरा के घैलाढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां सांप के डसने से नौ वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई. खेलते समय रैक से किताब निकालते हुए सांप ने बालक को डस लिया था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मधेपुरा : घैलाढ़ थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव के वार्ड नंबर पांच में शनिवार रात सांप के डसने से नौ वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान कमलपुर निवासी रमन कुमार मंडल के पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, रितिक शनिवार रात अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था. इसी दौरान रैक में रखी किताब निकालने के लिए जैसे ही उसने हाथ बढ़ाया, वहां मौजूद किसी जहरीले सांप ने उसके हाथ में डस लिया. सांप के डसते ही रितिक ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो रितिक को सांप के डसे जाने की जानकारी हुई. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मधेपुरा के एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे. वहां इलाज के दौरान रितिक की मौत हो गयी.
घटना की सूचना घैलाढ़ थाना और अंचल कार्यालय को दी गयी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिलेगी सहायता राशि
घैलाढ़ थानाध्यक्ष पंकज कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
वहीं, अंचल अधिकारी वंदना कुमारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच कर ली गयी है. पोस्टमार्टम और प्राथमिकी की प्रति मिलने के बाद नियमानुसार आपदा मद से मिलने वाली सहायता राशि मृतक के परिजनों को उपलब्ध करायी जा सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










