मधेपुरा में बलेनो कार ने टेंपू में मारी जोरदार टक्कर, चार घायल, दो की हालत गंभीर

जख्मी का इलाज करते हैं | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा जिले के कुमारखंड में भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित बलेनो कार ने टेंपू को टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
Madhepura Road Accident: मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें टेंपू सवार चार लोग घायल हो गए. हादसा कुमारखंड-रानीपट्टी मुख्य मार्ग पर नल पुल के पास हुआ, जहां सामने से आ रही एक अनियंत्रित बलेनो कार ने टेंपू को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुमारखंड पहुंचाया गया. इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बिशनपुर बाजार वार्ड संख्या तीन निवासी टेंपू चालक मो. नजीम मधेपुरा से सवारी लेकर कुमारखंड लौट रहे थे. इसी दौरान कुमारखंड-रानीपट्टी मुख्य मार्ग पर कुमारखंड नल पुल के पास सामने से आ रही मारुति बलेनो कार (BR 11 AX 8003) अनियंत्रित होकर टेंपू से टकरा गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपू क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं.
एक ही परिवार के तीन सदस्य भी घायल
इस हादसे में टेंपू चालक मो. नजीम गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरमपुर वार्ड संख्या 17 निवासी एक ही परिवार के सदस्य मो. अफाक, नजमा खातून और रौशन खातून भी घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड पहुंचाया.
दो घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर
सीएचसी कुमारखंड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. जांच के बाद टेंपू चालक मो. नजीम और रौशन खातून की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया.
अन्य दो घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
Madhepura Road Accident: स्थानीय लोगों की तत्परता से मिली मदद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. समय पर मिली सहायता के कारण सभी घायलों को शीघ्र इलाज उपलब्ध हो सका.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पवन कुमार
पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










