सिंहेश्वर में डीएम की सख्त चेतावनी, ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

फोटो- बैठक में मौजूद मजिस्ट्रेट और पुलिस बल | Prabhat Khabar Network
सिंहेश्वर में श्रावणी मेला को लेकर जिलाधकारी अभिषेक कुमार ने सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Shravani Mela: सिंहेश्वर (मधेपुरा). श्रावणी मेला को लेकर मंदिर परिसर में जिलाधिकारी सह सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गये.
ड्यूटी में कोताही पर होगी सख्त कार्रवाई
डीएम ने अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के दौरान ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना ड्यूटी स्थल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और जिम्मेदारी से कार्य करना सभी के लिए अनिवार्य है.
श्रद्धालुओं से रखें अच्छा व्यवहार
डीएम ने कहा कि सावन के रविवार और सोमवार को बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में कोई भी श्रद्धालु यदि जानकारी पूछे तो उसे पूरी विनम्रता के साथ सही मार्गदर्शन दिया जाए. उन्होंने कहा कि अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का व्यवहार ही प्रशासन की छवि बनाता है, इसलिए किसी से अभद्रता नहीं की जाये.
भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस
बैठक में बताया गया कि मेला क्षेत्र में बेहतर ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. विभिन्न पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा वाहनों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, रस्सी व्यवस्था और स्वयंसेवकों की भी तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा सके.
कंट्रोल रूम और वायरलेस सिस्टम से होगी निगरानी
डीएम ने बताया कि मंदिर परिसर में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी. वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि विभिन्न स्थलों पर वायरलेस सिस्टम उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसी भी स्थिति की तत्काल सूचना मिल सके और समय पर कार्रवाई की जा सके.
शिवगंगा में गोताखोर और हर गतिविधि पर नजर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शिवगंगा पोखर में 24 घंटे गोताखोरों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी. पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. डीएम ने निर्देश दिया कि शरारती तत्वों को पहले समझाया जाए, लेकिन नहीं मानने पर तत्काल थाना भेजा जाये.
बैठक में रहे कई अधिकारी मौजूद
बैठक में एडीएम अरुण कुमार, डीडीसी अनिल बसाक, ओएसडी संतोष कुमार, ट्रैफिक डीएसपी कृष्णानंद झा, मेजर विकास कुमार, सार्जेंट कुंदन कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, नगर पंचायत की प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी, नगर पंचायत अध्यक्षा पूनम देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुशांत कुमार
सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










