सहरसा में पत्रकार से मारपीट के विरोध में मधेपुरा के पत्रकारों में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन
फोटो- मांग पत्र सौंपते जिलाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा के पत्रकारों में सहरसा सदर अस्पताल में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार से डॉक्टर द्वारा कथित मारपीट के मामले को लेकर भारी आक्रोश है. इस घटना के विरोध में पत्रकारों ने जिलाधिकारी अभिषेक रंजन को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने डॉक्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
मधेपुरा. सहरसा सदर अस्पताल में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार के साथ डॉक्टर द्वारा कथित मारपीट की घटना को लेकर मधेपुरा के पत्रकारों में आक्रोश है. घटना के चार दिन बाद भी आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं होने के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा) के बैनर तले पत्रकारों का एक जत्था जिलाधिकारी अभिषेक रंजन से मिला. पत्रकारों ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की.
पत्रकारों ने सहरसा की घटना पर जताया विरोध
ज्ञापन में कहा गया है कि 12 सितंबर को सहरसा सदर अस्पताल में रिपोर्टिंग के दौरान प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना हुई. पत्रकारों ने इसे लेकर कार्रवाई की मांग की. आईरा जिला इकाई ने कहा कि समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों को रोकने और धमकाने की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है.
पत्रकारों की सुरक्षा और सुविधाओं का मुद्दा उठाया
आईरा की जिला इकाई ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया कर्मियों को समाचार संकलन के दौरान विभिन्न तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. संगठन के अनुसार, घटना और दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग के दौरान कई बार पत्रकार घायल भी हो जाते हैं.
ज्ञापन में कहा गया कि ऐसी परिस्थितियों में इलाज के लिए निजी अस्पतालों में अधिक खर्च करना पड़ता है. पत्रकारों ने यात्रा के दौरान आने-जाने के शुल्क में रियायत की सुविधा का मुद्दा भी उठाया.
छह सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
पत्रकारों ने ज्ञापन के माध्यम से छह सूत्री मांगें रखीं. इनमें सहरसा की घटना में संलिप्त दोषी डॉक्टरों और कर्मियों पर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग शामिल है.
इसके अलावा कर्तव्य के दौरान दुर्घटना में पत्रकार की मौत या घायल होने की स्थिति में परिजनों को आर्थिक सहायता और बीमा सुविधा देने, सरकारी मान्यता प्राप्त पत्रकारों को पूर्व में मिल रही स्वास्थ्य समेत अन्य सुविधाएं पुनः बहाल करने और मीडिया कर्मियों को यात्रा शुल्क में रियायत की सुविधा बहाल करने की मांग की गयी.
पत्रकारों ने मीडिया कर्मियों पर हमले की स्थिति में सरकारी सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा फील्ड में कार्यरत मीडिया कर्मियों के आत्म-सुरक्षा के लिए शस्त्र अनुज्ञप्ति से संबंधित पूर्व में दिये गये आवेदनों को स्वीकृत करने की मांग भी रखी.
डीएम ने मांगों को सरकार तक पहुंचाने का दिया आश्वासन
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जायेगा. पत्रकारों ने उम्मीद जतायी कि सहरसा की घटना में भी संबंधित स्तर पर कार्रवाई होगी और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.
पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर आईरा के जिला अध्यक्ष मुरारी सिंह, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ कुमार आशीष, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ सरोज कुमार, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ अमितेश सोनू, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ राकेश रंजन, कोशी टाइम्स के प्रशांत कुमार, राजीव रंजन, सुनीत सना सहित जिले के विभिन्न अखबार, चैनल और वेब पोर्टल के पत्रकार मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए