भूसा गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपये का नुकसान

भूसा गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपये का नुकसान
मुरलीगंज, मधेपुरा. पंचायत क्षेत्र के रहिका टोला वार्ड संख्या 13 में मंगलवार दोपहर एक भूसा गोदाम में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. आग की इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का भूसा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. गोदाम मालिक रंजीत कुमार व मनीष कुमार ने बताया कि मंगलवार करीब 11:30 बजे अचानक गोदाम से धुआं एवं आग की लपटें उठने लगी. देखते ही देखते आग ने पूरे भूसा गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गये. लोगों ने काफी मशक्कत व आपसी सहयोग से आग को आसपास के घरों व अन्य गोदामों तक फैलने से रोक लिया. ग्रामीणों की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गयी. सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पीड़ितों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित सहायता देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










