छोटे-छोटे कारणों से लोन अस्वीकृत करने को ले बैंक पर डीएम ने जतायी नाराजगी

सोमवार को डीएम अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न हुई
23 अप्रैल को विद्युत कार्यालय मधेपुरा परिसर में सोलर मेला एवं ऋण मेला का होगा आयोजन मधेपुरा सोमवार को डीएम अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान अभियंताओं द्वारा अवगत कराया गया कि योजना के तहत इच्छुक लाभुकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है, किन्तु बड़ी संख्या में ऋण आवेदनों को बैंकों द्वारा अस्वीकृत किया जा रहा है. इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंकों द्वारा छोटे-छोटे कारणों से आवेदन निरस्त किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई. जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को सख्त निर्देश दिया कि यह केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसकी नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती है. अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं तथा अस्वीकृत आवेदनों के स्पष्ट एवं ठोस कारण प्रस्तुत करें. साथ ही कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें. इसी क्रम में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा को निर्देशित किया गया कि 23 अप्रैल (गुरुवार) को विद्युत कार्यालय, मधेपुरा परिसर में “सोलर मेला एवं ऋण मेला” का आयोजन किया जाए. इस मेले में सभी वेंडरों एवं बैंकों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा. वेंडरों द्वारा सोलर संयंत्र से संबंधित जानकारी दी जाएगी, वहीं बैंक अपने स्टॉल के माध्यम से ऋण प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे. यह योजना आम उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है. अतः सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि आमजन तक इस योजना की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




