मुरलीगंज व कुमारखंड में पीएम सूर्य घर योजना के ले लगेगा शिविर

सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मधेपुरा जिले में प्रथम चरण के मेगा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है
-मुरलीगंज प्रखंड मुख्यालय में 24 अप्रैल एंव 27 अप्रैल को- -कुमारखंड प्रखंड में 21 अप्रैल एंव 23 अप्रैल को- मुरलीगंज सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मधेपुरा जिले में प्रथम चरण के मेगा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इस क्रम में मुरलीगंज एवं कुमारखंड प्रखंड मुख्यालयों में अलग-अलग तिथियों पर शिविर लगेंगे, जहां आम लोगों को योजना से जुड़ने के लिए जागरूक किया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कुमारखंड प्रखंड मुख्यालय में 21अप्रैल व 23 अप्रैल को मेगा शिविर आयोजित होगा. मुरलीगंज प्रखंड मुख्यालय में 24 अप्रैल एवं 27 अप्रैल को शिविर लगाया जाएगा. सभी शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे. आयोजन की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरलीगंज गोपालकृष्णन एंव सहायक विद्युत अभियंता मुरलीगंज तारानंद कुमार यादव करेंगे. सहायक विद्युत अभियंता चरण कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन व्यक्तियों को ऋण लेने में दिक्कत हो रही है उसका समाधान तुरंत किया जाएगा और उसे मेगा शिविर में बैंकर्स भी मौजूद रहेगे. इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है. इसके तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता स्वयं बिजली उत्पादन कर सकते हैं और अपने बिजली बिल में भारी कमी ला सकते हैं. सरकार इस योजना में लगभग 40 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है, जिससे सोलर सिस्टम लगवाना आसान हो गया है. शिविर में आने वाले इच्छुक लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी. आवेदन के लिए आधार कार्ड, अद्यतन बिजली बिल, भू-स्वामित्व का स्व-घोषणा पत्र, विक्रेता का कोटेशन तथा सोलर पैनल लगाने वाले स्थल की फोटो आवश्यक है. तीन किलोवाट से अधिक क्षमता के लिए पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आयकर विवरणी सहित अन्य दस्तावेज भी मांगे जाते हैं. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाती है. व्यवहार्यता स्वीकृति के बाद अधिकृत विक्रेता से सोलर प्लांट लगाया जाता है. इसके पश्चात नेट मीटरिंग एवं निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने पर करीब 30 दिनों के भीतर सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाती है. प्रखंड स्तर पर आयोजित ये मेगा शिविर आम लोगों को योजना से जोड़ने, उन्हें जागरूक करने और प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




