ईद व रामनवमी शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील

Updated:
विज्ञापन
ईद व रामनवमी शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील

परमानंदपुर थाना परिसर में शनिवार देर शाम पुलिस प्रशासन की ओर से ईद और रामनवमी पर्व को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया.

विज्ञापन

परमानंदपुर थाना परिसर में एसपी ने किया जनसंवाद मधेपुरा. परमानंदपुर थाना परिसर में शनिवार देर शाम पुलिस प्रशासन की ओर से ईद और रामनवमी पर्व को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में एसपी संदीप सिंह ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और आम लोगों से संवाद कर दोनों पर्वों को आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में मनाने की अपील की. एसपी संदीप सिंह ने कहा कि जिले की पहचान हमेशा से आपसी सौहार्द और भाईचारे के लिए रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार खुशियों व मेल-मिलाप का प्रतीक होते हैं, इसलिये सभी लोग मिलजुल कर इन्हें मनाएं. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. जनसंवाद के दौरान उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी मिलकर ईद व रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने में सहयोग करेंगे. इस दौरान कई लोगों ने स्थानीय समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी एसपी के समक्ष रखे, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम के बाद एसपी संदीप सिंह ने परमानंदपुर थाना का निरीक्षण भी किया. इस दौरान उन्होंने थाना के अभिलेख, मालखाना, हाजत, कंप्यूटर कक्ष तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने पुलिसकर्मियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सक्रिय रहने की हिदायत दी. कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने थाने में आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और हर शिकायत को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया. कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके. साथ ही थाना स्तर पर भी लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया. जनसंवाद कार्यक्रम में थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.

विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन