चूल्हे की चिंगारी से लगी भीषण आग, एक दर्जन परिवारों का घर जलकर राख

पुत्री की शादी के लिए एक लाख रुपये का कर्ज लिया था, जो घर में रखा था और आग में जल गया.
नकदी, जेवर, दस्तावेज समेत लाखों की संपत्ति खाक, पीड़ितों के सामने संकट-
उदाकिशुनगंज
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित लौनियाचक मुहल्ले में शुक्रवार के दोपहर बाद अचानक लगी भीषण आग में एक दर्जन परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया. आग लगने का कारण चूल्हे से निकली चिंगारी बताया जा रहा है. इस अगलगी की घटना में पीड़ित परिवारों के घरों में रखे लगभग पांच लाख रुपये नगद, जेवरात, फर्नीचर, खाद्यान्न, जमीन के कागजात, कपड़े समेत सभी सामान देखते ही देखते जलकर खाक हो गये. आग इतनी भयावह थी कि लोग अपने घरों से कोई सामान भी नहीं निकाल सके. घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद अजय मंडल ने अग्निशमन विभाग एवं पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर दमकल पदाधिकारी हरेंद्र राय तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे.
साथ ही स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दौरान आसपास के लोग भी बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग की लपटें बेहद तेज थीं. दमकल पदाधिकारी ने बताया कि इस घटना में अरुण ठाकुर, वरुण ठाकुर, कैलाश ठाकुर, तरुण ठाकुर, गुड्डू ठाकुर, संजय ठाकुर, बुलटन ठाकुर, गोपाल मंडल, सनोज मंडल, राजेंद्र मंडल, रामप्रवेश मंडल सहित कई परिवारों के घर पूरी तरह जल गये. वही वार्ड पार्षद अजय मंडल ने बताया कि सनोज मंडल ने अपनी पुत्री की शादी के लिए एक लाख रुपये का कर्ज लिया था, जो घर में रखा था और आग में जल गया. वहीं अन्य पीड़ित परिवारों का भी लाखों रुपये नकद जलकर नष्ट हो गया. आगलगी की इस घटना के बाद सभी पीड़ित परिवारों के सामने भोजन और रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.बीडीओ सह प्रभारी अंचलाधिकारी गुलजारी कुमार पंडित ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को भेजकर क्षति का आकलन कराया जा रहा है. पीड़ित परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें सरकारी मुआवजा दिया जाएगा. मौके पर वार्ड पार्षद अजय मंडल, रमण कुमार राणा, नित्यानंद यादव, संतोष मंडल, अभिनंदन साह, पूर्व मुखिया उमेश यादव, बबलू यादव, अरुण मंडल सहित ग्रामीण मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










