पटना में गैस सिलेंडर को लेकर अफरातफरी, 1.8 लाख का बैकलॉग, सप्लाई से ज्यादा बुकिंग

Updated at : 19 Mar 2026 12:16 PM (IST)
विज्ञापन
LPG Crisis

सांकेतिक तस्वीर

LPG Crisis: पटना में घरेलू एलपीजी गैस को लेकर आपूर्ति में कमी और अफवाहों के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता एक साथ गैस बुक कराने लगे, जिससे बैकलॉग तेजी से बढ़कर 1.80 लाख तक पहुंच गया। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है.

विज्ञापन

LPG Crisis: पटना में महज 12 दिनों में बैकलॉग का आंकड़ा 1.80 लाख के पार चला गया. क्या वाकई पटना में गैस खत्म होने वाली है या यह सिर्फ पैनिक बुकिंग का नतीजा है? या ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों ने राजधानी में ऐसी अफवाह फैलाई कि लोग खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े.

अफवाहों ने बिगाड़ा सुकून

पटना जिले में रोजाना करीब 32 हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है, जबकि बुकिंग की संख्या 40 हजार के आसपास पहुंच गई है. कुछ दिन पहले यह आंकड़ा 50 हजार से भी ऊपर चला गया था, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ गया और बैकलॉग लगातार बढ़ता गया.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति में 20 प्रतिशत की कटौती की खबरों ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया. इसी आशंका में उन लोगों ने भी गैस बुक कराना शुरू कर दिया.

पटना में गैस का गणित

पटना जिले में कुल 136 गैस एजेंसियां हैं जो करीब 16.65 लाख उपभोक्ताओं को सेवा देती हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को कुल 40,773 लोगों ने गैस बुक कराई, जबकि औसत खपत 33,603 सिलेंडर प्रतिदिन है.

वर्तमान में 1,84,713 सिलेंडरों का बैकलॉग है, जिसे क्लियर करने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर जुटा है. राहत की बात यह है कि पिछले तीन दिनों में बुकिंग कराने वालों की संख्या 50 हजार से घटकर 40 हजार पर आ गई है, जो इस बात का संकेत है कि अब अफरातफरी कम हो रही है.

डीएम डॉ. त्यागराजन की अपील

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और एडीएम सप्लाई रवींद्र कुमार दिवाकर ने स्थिति की समीक्षा करते हुए लोगों से संयम बरतने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि अगर मांग में इसी तरह कमी आती रही और वितरण सुचारू रहा, तो अगले 7 से 10 दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.

गैस वितरण की प्रक्रिया में किसी भी तरह का व्यवधान न डालें. यह समझना जरूरी है कि पैनिक बुकिंग की वजह से उन लोगों को परेशानी हो रही है जिन्हें वास्तव में सिलेंडर की तुरंत जरूरत है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पटना में गैस की कोई स्थाई कमी नहीं है.

Also Read: बिहार का ये फेमस वॉटरफॉल 20 मार्च से हो जाएगा चालू, टूरिस्टों को मिलेगी यह सुविधा

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन