लखीसराय शहर में 4 घंटे तक लगा भीषण जाम, लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर उठाये सवाल
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 9:10 AM
Lakhisari News : लखीसराय में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बड़ा ट्रक फंसने से रविवार सुबह पूरा शहर जाम से जूझता रहा. लोगों ने ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट : लखीसराय शहर में रविवार की सुबह लोगों के लिए भारी परेशानी लेकर आई. शहर के बीच स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक बड़ा ट्रक फंस गया, जिसके कारण सुबह 3 बजे से 7 बजे तक मुख्य सड़क पर लंबा जाम लगा रहा. हालात ऐसे हो गए कि विद्यापीठ चौक से लेकर जमुई मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. चार घंटे तक लगे जाम ने आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं.
रेलवे पुल के नीचे फंसा ट्रक, थम गयी शहर की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भारी ट्रक रेलवे पुल के नीचे से गुजरने के दौरान बीच में ही फंस गया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई. जाम की वजह से छोटे वाहन, एंबुलेंस और बाइक सवारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा.
ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा पहले ही यह निर्णय लिया गया था कि भारी वाहनों का परिचालन शहर के अंदर से नहीं होकर सरमेरा-सिकंदरा-शेखपुरा मार्ग से कराया जाएगा. इसके बावजूद रात के समय भारी वाहनों को शहर में प्रवेश दिया जा रहा है. लोगों का कहना है कि कुछ पुलिसकर्मी पैसों के लालच में नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.बायपास बंद होने के बाद बढ़ी समस्या
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक बाईपास पुल बंद होने के बाद से शहर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. कभी रेलवे पुल तो कभी गढ़ी पुल के पास भारी वाहनों के कारण घंटों जाम लग जाता है. प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और रात में सख्ती से जांच अभियान चलाया जाए. साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत कर आम लोगों को रोज-रोज के जाम से राहत दिलाने की मांग की गई है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










