ePaper

गणित व राजनीति विज्ञान की परीक्षा संपन्न, 189 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

Updated at : 03 Feb 2026 6:54 PM (IST)
विज्ञापन
गणित व राजनीति विज्ञान की परीक्षा संपन्न, 189 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

गणित व राजनीति विज्ञान की परीक्षा संपन्न, 189 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

विज्ञापन

लखीसराय. जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. जिला प्रशासन की सख्ती के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना प्राप्त नहीं हुई है. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और उड़नदस्ता टीम के माध्यम से पैनी नजर रखी जा रही थी.

दो पालियों में हुई परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में गणित व द्वितीय पाली में राजनीति विज्ञान की परीक्षा ली गयी. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे. केंद्र की 200 मीटर की परिधि में बाइक लगाने व अनावश्यक भीड़ जमा करने पर पूर्ण पाबंदी रही. पुलिस बल द्वारा भीड़ को लगातार हटाया जाता रहा. परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली गयी. प्रथम पाली में प्रवेश की अंतिम सीमा सुबह 9:00 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे निर्धारित थी.

प्रथम पाली में 101 तो दूसरी में 88 छात्र रहे गैरहाजिर

परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रथम पाली में कुल आवंटित 9,391 परीक्षार्थियों में से 9,290 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 101 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. वहीं, दूसरी पाली में 3,349 परीक्षार्थियों में से 3,261 ने परीक्षा दी और 88 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाये गये. जिले में कहीं से भी किसी छात्र के निष्कासन की खबर नहीं है, जो प्रशासन की बेहतर व्यवस्था को दर्शाता है.

अधिकारियों ने केंद्र पर पहुंचकर लिया जायजा

स्वच्छ परीक्षा संचालन को लेकर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र स्वयं रेस नजर आए. डीएम के साथ एडीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, डीईओ यदुवंश राम व विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नया बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, ताकि परीक्षार्थियों को जाम का सामना न करना पड़े.

———————————————————————-

सड़क हादसा : इंटर की परीक्षा देने जा रहे तीन छात्र जख्मी, दो के पैर टूटे, जमुई रेफर

चानन. किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत किऊल-बिछवे मुख्य मार्ग पर रेलवे गुमटी के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में बाइक सवार तीन इंटर परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान किऊल थाना क्षेत्र के सिंहचक गांव निवासी मनीष कुमार, सन्नी कुमार और अंकित कुमार के रूप में की गयी है. घटना के संबंध में किऊल थानाध्यक्ष बृजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों छात्र लाखोचक प्लस टू उच्च विद्यालय के परीक्षार्थी थे. मंगलवार को वे अपनी बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए शरमा स्थित परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान किऊल-बिछवे रोड पर रेलवे गुमटी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. हादसे में सन्नी कुमार व मनीष कुमार का एक-एक पैर टूट गया है, जबकि अंकित कुमार को भी गंभीर चोटें आयी हैं. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद छात्रों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया. परिजन घायलों को लेकर जमुई चले गये हैं. इस घटना के बाद छात्रों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. परीक्षा के दिन हुए इस हादसे से सहपाठियों और ग्रामीणों में भी मायूसी देखी जा रही है.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन