शिक्षा विभाग में हुए घोटाले का छाया रहा मुद्दा

Updated at : 12 Aug 2025 12:45 AM (IST)
विज्ञापन
शिक्षा विभाग में हुए घोटाले का छाया रहा मुद्दा

भात खबर इलेक्शन एक्सप्रेस ने सोमवार को लखीसराय विधानसभा में दस्तक दी. इस दौरान टीम ने विधानसभा अंतर्गत हलसी, रामगढ़ चौक समेत शहर के कई चौक-चौराहों, समाहरणालय गेट के समीप, विद्यापीठ चौक पर मौजूद आम जनता से बात की

विज्ञापन

कुल मतदाताओं की संख्या 3,82,200 (मतदाता विशेष पुनरीक्षण कार्य के बाद)

प्रतिनिधि, लखीसराय

प्रभात खबर इलेक्शन एक्सप्रेस ने सोमवार को लखीसराय विधानसभा में दस्तक दी. इस दौरान टीम ने विधानसभा अंतर्गत हलसी, रामगढ़ चौक समेत शहर के कई चौक-चौराहों, समाहरणालय गेट के समीप, विद्यापीठ चौक पर मौजूद आम जनता से बात की. जनता ने यहां की सियासी स्थिति व मौजूद समस्याओं पर अपनी बात बेबाकी से रखी. इसके उपरांत केआरके मैदान में चौपाल का आयोजन किया गया. चौपाल में न केवल विकास के मुद्दों पर बहस हुई, बल्कि जनता ने जनप्रतिनिधियों से सीधे सवाल भी पूछे और उनसे उत्तर भी लिये. चौपाल में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता, व्यवसायी, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता के साथ आम जनता ने अपनी भारी मौजूदगी दर्ज करायी. इस दौरान भाजपा व कांग्रेस-राजद नेताओं ने एक-दूसरे पर विकास कार्य सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाने का कोई अवसर नहीं छोडा. बात स्थानीय मुद्दे से लेकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक जा पहुंची. जिले में पीजी की पढ़ाई नहीं होने से लेकर शिक्षा के लिए मेडिकल कॉलेज व महिला कॉलेज जैसे संस्थान खोले जाने की बात उठायी.

विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने रखी अपनी बात

भाजपा के ब्लड में ही है जुमला

भाजपा पूंजीपतियों की सरकार है, वह गरीबों का आंकड़ा नहीं रखती है, सिर्फ पूंजीपतियों के लिए काम करती है. लालू जी गरीबों के मसीहा हैं. एनडीए की सरकार में गरीब-गुरबों को नहीं सुना जाता है. राज्य में जिस शासनकाल को जंगलराज कहा जाता है, 1990 से पूर्व की स्थिति देख लें, उसके बाद पता चल जायेगा कि जंगलराज लालू प्रसाद यादव का राज था या फिर पहले का. वर्तमान सरकार में गरीबों को बोलने नहीं दिया जाता है. तेजस्वी जी कुछ महीने के लिए डिप्टी सीएम बने और लाखों नौकरियां बांटी. बिहार व लखीसराय की जनता जनता बदलाव के मूड में है और सत्ता परिवर्तन चाहती है. वर्तमान सरकार ने राजद के माई-बहिन योजना की नकल करते हुए पेंशन की राशि बढ़ाने के साथ बिजली फ्री की है.

फुलेना सिंह, पूर्व विधायक, राजद

————————————-

बिहार में राजतंत्र स्थापित है

बिहार में व लखीसराय में राजतंत्र स्थापित है. वर्तमान सरकार में लोकतंत्र खत्म हो गया है. सभी विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है. बिना पैसा दिये एक काम नहीं होता है. स्कूल में शिक्षक हैं तो बच्चे नहीं और जिस स्कूल में बच्चे हैं, वहां से शिक्षक नदारद हैं. धरातल के नाम पर कुछ नहीं, विकास सिर्फ कागजों पर चल रहा है. भाकपा हमेशा शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करती है और लगातार धरना-प्रदर्शन करती है. स्थानीय नेता ही स्थानीय मुद्दों पर कार्य कर सकते हैं, लेकिन बाहरी प्रत्याशी रहने पर वह आपके मुद्दों को नहीं सुलझा सकते.

रजनीश कुमार, भाकपा नेता सह अधिवक्ता

——————————————

स्वास्थ्य व शिक्षा की लचर व्यवस्था, दुरुस्त करने की जरूरत

राज्य से लेकर लखीसराय जिला तक स्वास्थ्य व शिक्षा की व्यवस्था लचर है. इसे दुरुस्त करने की जरूरत है. यहां के अधिकांश अस्पतालों में स्वास्थ्य की व्यवस्था सही नहीं है, अस्पतालों में चिकित्सकों की घोर कमी है. बड़हिया के रेफरल अस्पताल में जो प्रभारी समय पर नहीं पहुंचते थे, उन्हें डिमोशन की जगह प्रमोशन दे दिया गया है. एनडीए सरकार में महिलाओं को सम्मान नहीं मिल रहा है, आये दिन महिलाओं से छेड़छाड़ व दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही है. भाजपा सिर्फ जय श्रीराम का नारा बोलकर हिंदू-मुस्लिम करना चाहती है, वह विकास के मुद्दे पर चुनाव में नहीं जाना चाहती है. जनता के पैसों का बंटरबांट हो रहा है. नीतीश सरकार लालू जी के 15 साल के शासनकाल का डर दिखाकर अपने 20 साल के कार्यकाल का हिसाब नहीं दे रही है. तानाशाही की खत्म कर लोकतंत्र की सरकार बनानी है, ताकि गरीबों को न्याय मिल सके.

डॉ कुमारी सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष, बिहार प्रदेश कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ

————————————————

जाम की समस्या से जल्द मिलेगी निजात

शहर में रोज लग रही जाम की समस्या से जल्द ही लोगों को निजात दिलायी जायेगी, जिसके लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है. सड़क किनारे अतिक्रमित फुटपाथ से अतिक्रमण को हटाया जायेगा, ताकि सड़क का चौड़ीकरण हो सके. जिले में भी बड़े विकास के कार्य जैसे बाइपास, कॉलेज, किऊल नदी पर पुल निर्माण समेत अन्य कार्य केंद्रीय मंत्री सह क्षेत्रीय सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से कहकर करवाया गया है और जो भी बचा है, उसे जल्द से जल्द करा दिया जायेगा. सीएम नीतीश कुमार की घाेषणा के बाद लाली पहाड़ी-घोसीकुंडी के बीच किऊल नदी पर बनने वाले पुल का भी डीपीआर बना है, उसपर काम किया जा रहा है. जबकि विद्यापीठ से लाली पहाड़ी तक किऊल नदी किनारे मरीन ड्राइव बनाने की अनुशंसा की जा रही है, ताकि जाम से छुटकारा मिल सके.

अरविंद पासवान, नगर परिषद अध्यक्ष सह जदयू नेता

—————————————-

जिले में जल्द ही खुलेगा महिला कॉलेज

शिक्षा के क्षेत्र में जिले में जल्द ही उल्लेखनीय कार्य होने वाले हैं, मेडिकल कॉलेज के साथ महिला कॉलेज भी खोले जायेंगे. जबकि केएसएस कॉलेज में पीजी की पढ़ाई होने के लिए बात चल रही है. यह जल्द ही शुरू की जायेगी. क्षेत्रीय विधायक सह डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के कार्यकाल में इस विधानसभा में विकास की लंबी लकीर खींची गयी है. राज्य सरकार द्वारा 125 यूनिट बिजली फ्री व पेंशन की राशि चार सौ से बढ़ाकर 11 सौ रुपये कर दी गयी है. भाजपा नाकारात्मक नहीं सकारात्मक राजनीतिक करती है.

प्रो मनोरंजन कुमार, जिला प्रवक्ता, भाजपा

—————————–

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ABHAY KUMAR

लेखक के बारे में

By ABHAY KUMAR

ABHAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन