जलजमाव से बदहाल हुआ सूर्यगढ़ा का खेल मैदान, एनएच पर दौड़ लगाने को मजबूर युवा, हादसे का बढ़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन
जलजमाव से बदहाल हुआ सूर्यगढ़ा का खेल मैदान, एनएच-80 पर दौड़ने को मजबूर युवा

फोटो- सूर्यगढ़ा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित खेल मैदान में जल जमाव

सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय का खेल मैदान मानसून की शुरुआत से ही जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। इससे नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रनिंग ट्रैक पानी में डूबा है, जिससे सैकड़ों युवा सेना, पुलिस और अग्निवीर परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं।

विज्ञापन

Sports Ground: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय का प्रमुख खेल मैदान इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है. मानसून की शुरुआत होते ही नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित खेल मैदान और पब्लिक हाई स्कूल परिसर का मैदान पानी से भर गया है. इससे नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

रनिंग ट्रैक पानी में डूबा, बाधित हुआ अभ्यास

प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित खेल मैदान के रनिंग ट्रैक का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है. मैदान में पानी भर जाने के कारण सेना, पुलिस, अग्निवीर और अन्य शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सैकड़ों युवा नियमित अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं. सुरक्षित विकल्प नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थी एनएच-80 पर दौड़ लगाने को मजबूर हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

हर साल होती है यही समस्या

Sports Ground: वार्ड पार्षद रौशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा, वार्ड पार्षद संतोष कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राम भक्त अमन कुमार तथा दवा कारोबारी मोनू केडिया ने बताया कि बरसात के मौसम में हर वर्ष खेल मैदान जलजमाव की समस्या से जूझता है. कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है.

जिम्मेदारी तय नहीं होने से अटका समाधान

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद और प्रखंड प्रशासन के बीच जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने के कारण वर्षों से यह समस्या बनी हुई है. उनका मानना है कि मैदान में मिट्टी भराई, समतलीकरण और समुचित जल निकासी व्यवस्था विकसित कर ही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है.

'यही मैदान हमारे सपनों की शुरुआत है'

युवाओं का कहना है कि यही खेल मैदान उनके सपनों की प्रयोगशाला है. इसी मैदान से तैयारी कर कई अभ्यर्थी सेना, पुलिस और अन्य सेवाओं में चयनित हुए हैं. शुरुआती बारिश में ही मैदान की स्थिति चिंताजनक हो गई है. यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो सावन-भादो की लगातार बारिश के दौरान पूरा मैदान तालाब में बदल जाएगा और कई महीनों तक अभ्यास पूरी तरह प्रभावित रहेगा.

स्थायी समाधान की उठी मांग

युवाओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से खेल मैदान को जलजमाव से मुक्त कराने के लिए शीघ्र स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि सुरक्षित और बेहतर खेल मैदान उपलब्ध होने से खिलाड़ियों और प्रतियोगी छात्रों को नियमित अभ्यास का अवसर मिल सकेगा.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती


विज्ञापन
राजेश गुप्ता

लेखक के बारे में

By राजेश गुप्ता

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन