मानसून आते ही सूर्यगढ़ा में बिजली व्यवस्था बेपटरी, हल्की बारिश और हवा में घंटों गुल रहती है सप्लाई

सूर्यगढ़ा नगर परिषद में तीन मोहनी सुरक्षा तटबंध के समीप मंगलवार को आया फॉल्ट
सूर्यगढ़ा क्षेत्र में मानसून शुरू होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. हल्की बारिश और हवा चलने मात्र से घंटों बिजली बाधित हो रही है, जिससे लोगों को पानी और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं में नाराजगी है कि हर साल यही स्थिति बनती है, पर समाधान नहीं होता.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Power Crisis: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा क्षेत्र में मानसून सक्रिय होते ही बिजली व्यवस्था की पोल खुलने लगी है. हल्की बारिश और सामान्य हवा के बाद भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है. मंगलवार सुबह नगर परिषद सहित आसपास के कई इलाकों में बिजली ठप रहने से लोगों को पानी, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा. लगातार मिल रही शिकायतों के बीच उपभोक्ताओं का कहना है कि हर वर्ष मानसून में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है.
सुबह से ठप रही बिजली, फॉल्ट ने बढ़ाई परेशानी
मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे सूर्यगढ़ा नगर परिषद और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई. विभाग के अनुसार जकरपुरा तीन मोहनी सुरक्षा तटबंध के समीप 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने और तार टूटने के कारण सप्लाई बंद करनी पड़ी. बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया और पूर्वाह्न तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया.
बिजली कटने से पानी और रोजमर्रा के काम प्रभावित
सुबह के समय बिजली नहीं रहने से कई घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया. मोटर नहीं चलने के कारण लोगों को पानी भरने में परेशानी हुई. घरेलू कार्यों के साथ छोटे व्यवसाय और दुकानों का काम भी प्रभावित हुआ. लोगों का कहना है कि मानसून शुरू होते ही बिजली की आंखमिचौली आम बात बन गई है.
ग्रामीण ही नहीं, नगर परिषद क्षेत्र भी परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट अधिक रहता था, लेकिन अब नगर परिषद क्षेत्र की स्थिति भी बेहतर नहीं है. हल्की बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली नहीं रहने और बार-बार ट्रिपिंग होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है. लोगों ने बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है.
विभाग बोला, जल्द सुधार होगा
Power Crisis: कनीय अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि फॉल्ट की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मरम्मत कार्य में लगा दिया गया. उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जहां भी तकनीकी खराबी आती है, उसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जाता है. विभाग का दावा है कि बिजली आपूर्ति को अधिक भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
ALSO READ: किऊल-झाझा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










