लखीसराय में जेठ की चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल

Updated:
विज्ञापन

Lakhisari News : लखीसराय में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दोपहर की चिलचिलाती धूप में बाहर निकलते ही माथे से पसीना बहने लगता है और गला सूखने लगता है. रोहिणी नक्षत्र के प्रवेश के साथ गर्मी का असर और तेज हो गया है.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

लखीसराय जिले में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर भी घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. मौसम जानकारों के अनुसार 25 मई से रोहिणी नक्षत्र का प्रवेश हो चुका है, जिसे खेती और बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है.

धूप और उमस ने बढ़ायी लोगों की मुश्किलें

दोपहर में तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. बाहर निकलते ही तेज गर्म हवा और चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है. गर्मी के कारण लोगों का गला सूख रहा है और पसीने से हालत खराब हो रही है.

सड़कें हुईं सूनी, कम हुआ आवागमन

भीषण गर्मी का असर बाजार और सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है. धूप के कारण सड़कें लगभग सूनी पड़ी हैं. भारी और छोटे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही कम हो गयी है. सवारी गाड़ियां भी यात्रियों के इंतजार में सड़क किनारे खड़ी नजर आ रही हैं.

रोहिणी नक्षत्र को खेती के लिए माना जाता है महत्वपूर्ण

जानकारों के अनुसार रोहिणी नक्षत्र के दौरान पड़ने वाली गर्मी अच्छी बारिश का संकेत मानी जाती है. कहा जाता है कि रोहिणी नक्षत्र जितना अधिक तपता है, खरीफ फसल खासकर धान की पैदावार उतनी बेहतर होती है. इसी दौरान किसान धान रोपाई के लिए बीज डालना भी शुरू करते हैं.

कूलर और एसी की बढ़ी मांग

गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजार में कूलर और एसी की मांग तेजी से बढ़ गयी है. लोग दूसरे शहरों से भी कूलर और एसी मंगवाकर अपने घरों में लगवा रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है.

बढ़े लोड से बिजली व्यवस्था पर दबाव

कूलर और एसी के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बिजली पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है. कई इलाकों में ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या सामने आ रही है. लोगों का कहना है कि बिजली नहीं रहने पर कूलर और एसी भी बेकार साबित हो रहे हैं.

लोगों ने बेहतर बिजली व्यवस्था की उठायी मांग

स्थानीय लोगों ने गर्मी को देखते हुए नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से परेशानी और बढ़ रही है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन