लखीसराय में पुरवा हवा से मिली राहत, लेकिन दोपहर में फिर सताएगी तेज गर्मी

Lakhisarai Weather
Lakhisarai Weather : लखीसराय में सुबह बदला मौसम का मिजाज, शनिवार को 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
Lakhisarai Weather : लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट: लखीसराय में शुक्रवार की सुबह पुरवा की हल्की हवा चलने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली. सुबह के समय आसमान में हल्के बादल छाये रहे और धीमी गति से चल रही हवा ने मौसम को कुछ हद तक सुहावना बना दिया. हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी और दोपहर बाद फिर गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
सुबह सात बजे तक मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहा, लेकिन 10 बजे के बाद तेज धूप निकलने की संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
शनिवार को और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को गर्मी और बढ़ सकती है. जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जतायी गयी है. हालांकि शनिवार की शाम और रविवार को बारिश होने के संकेत भी मिल रहे हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
पिछले तीन-चार दिनों से उमस भरी गर्मी और तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है और लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं.
गर्मी का असर स्कूलों पर भी पड़ा
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में भी बदलाव किया है. डीएम शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर वर्ग पांच तक की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक और हाई स्कूल की कक्षाएं 11:30 बजे तक संचालित की जा रही हैं. प्रशासन का कहना है कि बच्चों को लू और तेज धूप से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है.
बढ़ी गर्मी तो बिजली ने भी दिया झटका
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है. लगातार एसी, कूलर और पंखों के इस्तेमाल से बिजली की खपत बढ़ी है, जिसके कारण कई इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है.
बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट और ओवरलोडिंग के कारण विद्युत कर्मियों की परेशानी बढ़ गयी है. बिजली विभाग के कर्मचारी दिन-रात मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं ताकि लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










