केआरके हाई स्कूल ने साइंस व कॉमर्स में लहराया परचम
Author Rajeev murarai sinha sinha
Updated:
विज्ञापन

केआरके हाई स्कूल ने साइंस व कॉमर्स में लहराया परचम
विज्ञापन
सदायबीघा के चंद्रदीप बने आर्ट्स में स्टेट सेकंड टॉपर, ओमजी व राजनंदनी ने जिला स्तर पर किया टॉप
लखीसराय. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के परीक्षा परिणामों में इस बार लखीसराय के सरकारी विद्यालयों का दबदबा देखने को मिला है. शहर के प्रतिष्ठित केआरके हाई स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्यालय के अन्य सभी उच्च विद्यालयों को पीछे छोड़ दिया है. इस विद्यालय ने साइंस व कॉमर्स दोनों विषयों में जिला टॉपर देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है.केआरके हाई स्कूल का दोहरा गौरव
केआरके हाई स्कूल के दो विद्यार्थियों ने अलग-अलग संकायों में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. साइंस में पुरानी बाजार निवासी पुरुषोत्तम के पुत्र ओमजी ने 464 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है. कॉमर्स में पचना रोड निवासी रजनीश कुमार व रेखा देवी की पुत्री राजनंदनी ने कॉमर्स विषय में जिला टॉप कर विद्यालय का मान बढ़ाया है.बड़हिया के ग्रामीण स्कूलों ने भी मारी बाजी
सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि बड़हिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों के प्लस टू विद्यालयों का प्रदर्शन भी अत्यंत सराहनीय रहा है. बड़हिया के सदायबीघा स्थित मुंद्रिका सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र चंद्रदीप कुमार ने आर्ट्स विषय में पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है. श्री रामवतार सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा के छात्र ओमजी ने भी साइंस में जिला टॉपर बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.सरकारी विद्यालयों की शिक्षा पर बढ़ा भरोसा
इन परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब सरकारी उच्च विद्यालयों में भी शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है. वहां पढ़ाई अच्छे ढंग से हो रही है. जिला टॉपर्स ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों व वहां की पढ़ाई को दिया है. इन छात्रों की सफलता यह संदेश देती है कि यदि मन में पढ़ाई की लगन हो, तो सरकारी विद्यालयों से शिक्षा ग्रहण कर के भी बड़े लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है. इन मेधावी छात्रों की उपलब्धि से जिले भर में खुशी की लहर दौड़ गयी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










