हलसी में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया वर्चुअल उद्घाटन

कॉलेज में फीता काटकर क्लास का शुभारंभ करते डीएम
हलसी प्रखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज का विधिवत शुभारंभ हो गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया. कॉलेज में 75% छात्रों का नामांकन हुआ है और नियमित कक्षाएं शुरू हो गई हैं.
Government Degree College: लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड में नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हो गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों के साथ इसका भी उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई.
डीएम और डीडीसी ने किया स्थानीय कार्यक्रम का शुभारंभ
मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के बाद लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने हलसी पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा फीता काटकर नए क्लासरूम में पठन-पाठन की शुरुआत कराई. कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे.
75 प्रतिशत नामांकन, नियमित कक्षाएं शुरू
Government Degree College: कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र में अब तक करीब 75 प्रतिशत छात्रों का नामांकन हो चुका है. विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं भी शुरू कर दी गई हैं. फिलहाल कॉलेज में हिंदी के प्राध्यापक डॉ. चंदन कुमार तथा अंग्रेजी के प्राध्यापक आशुतोष कुमार भारती की प्रतिनियुक्ति की गई है.
गुलाब का फूल देकर किया गया स्वागत
कॉलेज में पहली बार पहुंचे छात्र-छात्राओं का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया. अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा कॉलेज की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया.
क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
स्थानीय लोगों ने राजकीय डिग्री कॉलेज के शुभारंभ पर खुशी जताई. उनका कहना है कि अब हलसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा विशेष रूप से ग्रामीण छात्राओं को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










