लखीसराय में बिजली तार की चपेट में आने से पांच मवेशियों की मौत, पशुपालकों का फूटा गुस्सा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 9:42 AM

विज्ञापन

Lakhisari News : लखीसराय में रेलवे कार्य के दौरान बेतरतीब तरीके से बिछाए गए बिजली तार ने पांच बेजुबान मवेशियों की जान ले ली. घटना के बाद पशुपालकों में भारी आक्रोश फैल गया.

विज्ञापन

लखीसराय से राजेश कुमार रिपोर्ट : लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. वार्ड नंबर 17 बायपास स्थित मुस्कान नर्सिंग होम के समीप बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से पांच मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आक्रोशित पशुपालकों ने मौके पर जमकर हंगामा किया. लोगों ने रेलवे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और कार्रवाई की मांग की है.

घास चरने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बायपास निवासी जयराम यादव की दो दुधारू भैंस और एक पाड़ी तथा नीरज यादव की एक दुधारू भैंस और एक पाड़ी सुबह घास चरने के लिए बहियार जा रही थीं. इसी दौरान वे बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गईं. करंट लगते ही पांचों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई.

रेलवे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों और पशुपालकों का आरोप है कि रेलवे में चल रहे कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा बिजली के तारों को बेहद लापरवाही से बिछाया गया था. तार खुले और असुरक्षित हालत में पड़े थे, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ. घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

मौके पर पहुंची पुलिस, लोगों को कराया शांत

सूचना मिलते ही कवैया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया और जांच का आश्वासन दिया. घटना स्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.

मुआवजे और कार्रवाई की मांग

कवैया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी और प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन