सूर्यगढ़ा में 500 बच्चों ने निकाली दंत और नशामुक्ति जागरूकता रैली. गांव-गांव गूंजे स्वास्थ्य के नारे
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 25 May 2026 12:45 PM
विज्ञापन
Lakhisari News : “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “रोज ब्रश करें, बीमारी दूर करें” जैसे नारों के साथ सूर्यगढ़ा में 500 बच्चों ने लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश दिया. गांव की सड़कों पर जागरूकता की अनोखी तस्वीर देखने को मिली.
विज्ञापन
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट : लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर मध्य विद्यालय में सोमवार को दंत स्वास्थ्य और नशामुक्ति को लेकर भव्य जागरूकता रैली निकाली गयी. राधा डेंटल केयर, मुंगेर और विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में करीब 500 स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया. बच्चों ने गांव-गांव घूमकर दांतों की सफाई, नशे से दूरी और संक्रामक रोगों से बचाव का संदेश दिया.
सुबह-सुबह स्वास्थ्य संदेश लेकर निकले बच्चे
सुबह 6:15 बजे सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश और समाजसेवी प्रेमचंद मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. रैली मानिकपुर से निकलकर पंडित जी टोला, लक्ष्मीपुर, आजाद चौक और सौरभ टेंट हाउस होते हुए वापस विद्यालय पहुंची. पूरे रास्ते बच्चों ने स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े नारे लगाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया.दांतों की सफाई और नशामुक्ति पर दिया गया जोर
रैली का नेतृत्व कर रहे राधा डेंटल केयर के डॉ. उदय शंकर ने कहा कि लोगों में दंत रोगों के प्रति जागरूकता की कमी के कारण छोटी समस्याएं गंभीर बीमारी का रूप ले लेती हैं. उन्होंने लोगों से दिन में दो बार ब्रश करने, तंबाकू और गुटखा से दूरी बनाने तथा नियमित दांतों की जांच कराने की अपील की.12 वर्षों में 600 से अधिक शिविर आयोजित
डॉ. उदय शंकर ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों में मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर और बेगूसराय जिले में 600 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुके हैं. पहली बार गांव-गांव जाकर रैली के माध्यम से ओरल कैंसर जैसे गंभीर रोगों की समय पर पहचान और बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.फिल्म कलाकारों ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में मुंबई के अभिनेता चार्ली राजन, अंतरराष्ट्रीय फिल्म अभिनेता हीरो राजन कुमार और अभिनेत्री कल्पसोनी भी मौजूद रहीं. अभिनेता राजन कुमार ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की असली पहचान है. उनकी मौजूदगी से बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला.ग्रामीणों और शिक्षकों की भागीदारी से सफल हुआ अभियान
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रसाद महतो ने रैली को ऐतिहासिक बताया. वहीं टाल फसल सुरक्षा समिति के महासचिव संदेश पटेल ने डॉ. शंकर की सेवा भावना की सराहना की. रैली के संचालन में शिक्षक संदीप, संजय और सुधाकर कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बच्चों के उत्साह और ग्रामीणों की भागीदारी से पूरा क्षेत्र स्वास्थ्य जागरूकता के नारों से गूंज उठा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










