पंचायत रोजगार सेवक पर जानलेवा हमला, मामला दर्ज

जिले के कवैया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पंचायत रोजगार सेवक पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया
लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पंचायत रोजगार सेवक पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना को अंजाम देने का आरोप हलसी प्रखंड प्रमुख के पति योगेंद्र कुमार राय और उनके सहयोगियों पर लगा है. पीड़ित रोजगार सेवक ने इस संबंध में कवैया थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़ित पंचायत रोजगार सेवक देवेंद्र कुमार (पिता- स्वर्गीय रामसहाय महतो, ग्राम पंचायत राज कैंदी) ने पुलिस को बताया कि दिनांक 19 मई 2026 की शाम करीब 4:00 बजे वह अपने ग्राम पंचायत कार्यालय कैंदी में आयोजित ””सहयोग शिविर”” से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान वह एसपी कार्यालय के निकट अपने मित्र व साथी पंचायत रोजगार सेवक मिथिलेश कुमार के डेरा पर बैठे हुए थे. कमरा बंद कर लाइसेंसी बंदूक से बेरहमी से पीटा आवेदन के अनुसार, तभी अचानक हलसी प्रखंड प्रमुख के पति योगेंद्र कुमार राय (निवासी- शेखपुरवा, थाना- रामगढ़ चौक) अपने भांजे चंदन कुमार और एक अन्य सहयोगी सुभाष कुमार के साथ वहां धमक पड़े. आरोपियों ने आते ही कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और जान से मारने की नीयत से देवेंद्र कुमार पर अपनी लाइसेंसी बंदूक के बट्ट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस बर्बर हमले में पीड़ित का सिर फट गया है और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आयी हैं. लूट और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान योगेंद्र कुमार राय ने जबरन उनकी जेब से 5,000 नगद छीन लिये, इसके साथ ही उनके पास रखी सरकारी मापी पुस्तिका बलजोरी छीनकर फाड़ दी. गंभीर रूप से घायल रोजगार सेवक ने कवैया थाना पुलिस से गुहार लगायी है कि उपर्युक्त तथ्यों के आलोक में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाय.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










