राहुल गांधी की हिरासत व छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रतिरोध मार्च, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

शहीद द्वार से समाहरणालय तक प्रतिशोध मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता. | Prabhat Khabar Network
Congress Protest : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. उन्होंने राहुल गांधी की हिरासत और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का कड़ा विरोध किया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.
Congress Protest : लखीसराय शहर में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. यह मार्च प्रधानमंत्री कार्यालय के समीप धरना के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों के हितों को लेकर जोरदार नारेबाजी की.
जिलाध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि केंद्र सरकार का रवैया निरंकुश और तानाशाहीपूर्ण हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण धरना दे रहे विपक्षी नेताओं के साथ बदसलूकी करना और उन्हें हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उनके अनुसार, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई.
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी.
शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से सतर्क था. शहीद द्वार के समीप भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. इसके अलावा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










