आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार

आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार
लखीसराय. हलसी थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के प्रयास के आरोपित को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान हलसी थाना क्षेत्र के बरतारा निवासी तूफान बिंद के 20 वर्षीय पुत्र श्रवण बिंद के रूप में हुई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपित के द्वारा आठ वर्षीय बच्ची के साथ शौच जाने के क्रम में विगत एक मई को दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया. वहीं घटना को लेकर दो मई को हलसी थाना में मामला दर्ज किया गया. इस संबंध में रविवार को एसडीपीओ शिवम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में एक प्रेस वार्ता के दौरान मामले की पूरी जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता के परिजनों द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम के द्वारा घटनास्थल की जांच करायी व बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण सदर अस्पताल में कराया गया. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था. तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की. गढ़ी बिशनपुर से हुई गिरफ्तारी रविवार की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित लखीसराय थाना क्षेत्र के गढ़ी बिशनपुर इलाके में छिपा हुआ है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को दबोच लिया. छापेमारी टीम में हलसी थानाध्यक्ष राजेश रंजन, लखीसराय थानाध्यक्ष अशोक कुमार, हलसी थाना के पीएसआइ अमित कुमार, रेणु कुमारी व सशस्त्र बल सहित डीआइयू की टीम शामिल थी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Murarai Sinha Sinha
Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










