जिले के प्रखंड क्षेत्रों में निकाली गयी शोभा यात्रा, भगवा रंग से पट गयी सड़क
Updated at : 26 Mar 2026 8:04 PM (IST)
विज्ञापन

गुरुवार का दिन ठाकुरगंज के लिए सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि भावनाओं का ज्वार लेकर आया
विज्ञापन
ठाकुरगंज
गुरुवार का दिन ठाकुरगंज के लिए सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि भावनाओं का ज्वार लेकर आया. सुबह से ही पूरा शहर जैसे भक्ति में डूब गया था. हर गली, हर चौक और हर दिल से एक ही स्वर उठ रहा था एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्रीराम, जय श्रीराम. ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वर्षों से सिमटी आस्था आज एक साथ उमड़ पड़ी हो. रामनवमी की इस भव्य शोभायात्रा में सिर्फ भीड़ नहीं थी, बल्कि हर चेहरे पर आस्था, उत्साह और अपनापन झलक रहा था. सुबह से राम जानकी मंदिर से शुरू हुई यात्रा जब शहर की सड़कों पर आगे बढ़ी, तो ऐसा लगा मानो पूरा ठाकुरगंज एक परिवार बन गया हो. इस यात्रा में उम्र, वर्ग और पहचान की सारी सीमाएं मानो खत्म हो गई थीं. छोटे-छोटे बच्चे जय श्रीराम के नारे लगाते दिखे, तो बुजुर्गों की आंखों में भक्ति के साथ गर्व की चमक थी. युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था. हर कदम पर ऊर्जा, हर स्वर में श्रद्धा. सबसे भावुक दृश्य तब दिखा जब महिलाओं की टोलियां भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ रही थीं. साड़ी में सजी, माथे पर जय श्रीराम का पट्टा, हाथों में भगवा ध्वज उनकी आंखों में आस्था और चेहरे पर आत्मविश्वास साफ झलक रहा था.झांकियों में जीवंत हुई आस्था
रथ पर सजे श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की झांकी को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे. कई लोग हाथ जोड़कर खड़े हो गए, तो कई ने वहीं खड़े होकर पूजा-अर्चना की. ऐसा लग रहा था मानो त्रेता युग की झलक आज फिर सजीव हो उठी हो. शोभायात्रा में इस वर्ष गुरुकुल की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही. प्राचीन भारतीय शिक्षा पद्धति को दर्शाती इस झांकी में बच्चे ऋषि-मुनि के वेश में गुरु के सान्निध्य में शिक्षा लेते नजर आए. झांकी ने लोगों को अपनी संस्कृति और संस्कारों की याद दिलाई. श्रद्धालु इसे देखकर भावुक हो उठे और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की. आस्था के इस उत्सव में गुरुकुल की झांकी ने भक्ति के साथ भारतीय परंपरा का सुंदर संदेश भी दिया. जगह-जगह लगे सेवा शिविर इस बात का प्रमाण थे कि यहां भक्ति केवल नारों में नहीं, बल्कि कर्म में भी थी. कोई शरबत पिला रहा था, तो कोई पानी, कोई थके कदमों को राहत दे रहा था, तो कोई मुस्कान बांट रहा था. सेवा करने वालों के चेहरे पर जो संतोष था. इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि थी.डिजिटल युग में भी परंपरा का प्रभाव
इस बार की रामनवमी में खास बात यह रही कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी आयोजन की झलक व्यापक रूप से देखने को मिली. युवाओं ने ड्रोन कैमरों और मोबाइल लाइव के जरिए शोभायात्रा को देश-विदेश तक पहुंचाया. इससे स्थानीय आयोजन को एक नई पहचान मिली.सुरक्षा के बीच सुकून का माहौल
रामनवमी जुलूस के दौरान प्रशासन की सख्ती और सजगता के बीच भी माहौल पूरी तरह शांत और विश्वास से भरा रहा. हर मोड़ पर पुलिस और सुरक्षा बल की तैनाती ने जहां व्यवस्था को मजबूत किया. वहीं श्रद्धालुओं को भी सुरक्षा का भरोसा मिला. इस दौरान जनप्रतिनिधियों की सक्रिय मौजूदगी ने भी लोगों में भरोसा बढ़ाया. इस दौरान विधायक गोपाल अग्रवाल, मुख्य पार्षद सिकन्दर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, प्रमोद राज चौधरी, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, वार्ड मेंबर अमित सिन्हा, दिलीप सिंह, बबलू साह, प्रतिनिधि अनिल साह, मनोज, मयंक शांडिल्य, भाजपा नेता बिजली सिंह, कौशल यादव, सुमन भारती, सकल देव पासवान, श्रीराम भक्त मंडल के अध्यक्ष अनिल महाराज, राजेश करनानी, सचिव चंद्रकांत गौतम आदि मौजूद थे.बहादुरगंज प्रतिनिधि के अनुसार
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामनवमी के उपलक्ष्य पर रामनवमी सेवा समिति बहादुरगंज के बैनर तले गुरुवार को भगवामय भक्तजनों ने शहर के मुख्य मार्ग पर भव्य शोभायात्रा निकाली. जहां रामभक्तों की भीड़ मनमोहक दृश्य व झांकी के साथ जय श्रीराम व एक ही नारा, एक ही नाम के उदघोषों की गूंज मचा रहे थे. इस दौरान शहर के मुख्य मार्ग यहां रामनवमी के झंडों व भगवा रंग से पटा रहा. शोभायात्रा की शुरूआत भगवामय हजारों की तादाद में शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित कृष्ण मंदिर परिसर से निकली, जो गुदड़ी बाजार दुर्गा मंदिर चौक, झांसीरानी चौक, थाना रोड के हनुमान मंदिर होते हुए शिवमंदिर चौक, हॉस्पिटल चौक मुख्य मार्ग होते हुए पुनः कृष्ण मंदिर मंदिर परिसर में वापस होकर समाप्त हो गयी. इस दौरान पूर्व की भांति ही गंगा-जमुनी तहजीब का भी मिसाल दिखा. शहर के चुनिंदे लोगों ने धर्म से ऊपर उठकर भागीदारी दी एवं भीड़ की हौसला बढ़ाये. इस बीच शोभायात्रा में भीड़ के बीच बेहतर विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की भी जबर्दस्त तैयारी देखी गयी. इससे पहले कमेटी की पहल पर आयोजित इस शोभायात्रा की तैयारी को लेकर सुबह से ही भगवाधारी समर्थकों का झुंड यहां कृष्ण मंदिर में जमा होने लगे, जो दिन के दोपहर तक जारी था. इस बीच निर्धारित समय दोपहर में शोभायात्रा की शुरुआत के साथ ही ज्योही कमेटी के युवा समर्थकों ने जय श्री राम के उदघोष किये, हजारों की तादाद में रामभक्तों का हुजूम इस शोभायात्रा के पीछे-पीछे निकल पड़े. शोभायात्रा में हरिमोहन सिंह, नप अध्यक्षा प्रतिनिधि वशीकुर रहमान, कांग्रेसी मेंहदी हसन, कमिटी के सत्यनारायण अग्रवाल, राजू शर्मा, गौरव चौधरी, नगर पार्षद बंटी सिन्हा, पार्षद संजय भारती, पार्षद प्रिंस आजम, धीरेंद्र साह, अमित सरकार, राजा गुप्ता, विशाल सिन्हा, सुभम सिन्हा, पार्षद सितुल सिन्हा, राजीब सिन्हा, रवि शर्मा, सचिन कुमार, राजा गुप्ता, संजय सिन्हा सहित दर्जनों गणमान्य भीड़ की हौसला अफजाई करने में लगे थे.दिघलबैंक प्रतिनिधि के अनुसार
रामनवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर भव्य शोभायात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई. शोभायात्रा तुलसिया दक्षिण बस्ती स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर हरुवाडांगा के संजय गांधी मैदान में जाकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. शोभायात्रा के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. दिघलबैंक थानाध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी पूरे समय मौजूद थे. यह भव्य आयोजन विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल दिघलबैंक के नेतृत्व में किया गया. शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए. कई लोग अपने घरों की छतों से शोभायात्रा का दर्शन करते नजर आये. वहीं महिलाओं और नवविवाहित दुल्हनों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही. शोभायात्रा के दौरान विभिन्न समितियों द्वारा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, श्रीराम भक्त हनुमान, भगवान शंकर-पार्वती तथा भारत माता की भव्य झांकियां निकाली गईं. रथ पर सजे भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के रूप में छोटे-छोटे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया. नगर के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ निकली इस यात्रा में युवाओं ने पारंपरिक हथियारों के साथ अपने कला कौशल का भी प्रदर्शन किया. शोभायात्रा के समापन के बाद संजय गांधी मैदान में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया. इस अवसर पर विहिप प्रखंड अध्यक्ष रमेश कुमार गणेश, पूर्व संयोजक गणेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष ज्योति सिंह, लक्ष्मी गणेश, बजरंग दल संयोजक मुरलीधर झा, सह संयोजक राहुल मंडल, मठ मंदिर प्रमुख आनंद सिन्हा, सुरक्षा प्रमुख मोहन हेमब्रम, सत्संग प्रमुख डोमन लाल साह, अविनाश कुमार, प्रवीण गणेश, अक्षय झा, भोला सिन्हा, ओम प्रकाश, पंकज ठाकुर, रंजनी सिंह, पिंकी कुमारी, निधि कुमारी सहित हजारों कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




