एसएसबी ने स्टॉल के माध्यम से दिखायी सीमा सुरक्षा की झलक
Updated at : 22 Mar 2026 7:17 PM (IST)
विज्ञापन

एसएसबी ने स्टॉल के माध्यम से दिखायी सीमा सुरक्षा की झलक
विज्ञापन
12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने प्रदर्शित किए जनहित कार्य, डीएम विशाल राज ने की सराहना
किशनगंज. बिहार दिवस की 114वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रविवार को शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में सशस्त्र सीमा बल की 12वीं वाहिनी ने अपनी उपस्थिति से चार चांद लगा दिए. कमांडेंट बरजीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन में बल द्वारा लगाए गए विशेष स्टॉल ने न केवल देश की सुरक्षा का गौरव प्रदर्शित किया, बल्कि आम नागरिकों के बीच सेवा व समर्पण का एक सशक्त संदेश भी दिया. कार्यक्रम में पहुंचे हजारों लोगों के लिए एसएसबी का यह स्टॉल आकर्षण व जिज्ञासा का प्रमुख केंद्र बना रहा. स्टॉल के माध्यम से एसएसबी ने सीमा सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी व नागरिक सहयोग कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी. आकर्षक पोस्टर व बैनर के जरिए बल के कर्तव्यों, आपदा प्रबंधन व सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों को बखूबी दर्शाया गया, जिसकी आम नागरिकों ने जमकर सराहना की.सेवा भाव के साथ जलपान की व्यवस्था
समारोह में आए लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए एसएसबी द्वारा एक विशेष जलपान कैंटीन का भी संचालन किया गया. लंबी दूरी से आए दर्शकों व स्थानीय नागरिकों ने इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाया. बल के जवानों ने न केवल सुरक्षा, बल्कि अपने सेवा भाव से भी लोगों का दिल जीत लिया. उपस्थित जनसमूह ने कहा कि एसएसबी का यह व्यवहार ”सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व” के उनके मूल मंत्र को चरितार्थ करता है.डीएम ने थपथपाई एसएसबी की पीठ
स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशाल राज ने सशस्त्र सीमा बल के स्टॉल का विशेष अवलोकन किया. उन्होंने बल द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों व नागरिक संपर्क अभियानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि एसएसबी न केवल दुर्गम सीमाओं की रक्षा कर रही है, बल्कि समाज के बीच रहकर अटूट विश्वास का रिश्ता भी कायम कर रही है. इस अवसर पर बल के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे, जिन्होंने बिहार दिवस के इस उत्सव को और अधिक गरिमामयी बना दिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




